Karnataka BJP List: कर्नाटक चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 10 उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इस लिस्ट में पार्टी छोड़ चुके जगदीश शेट्टर की जगह महेश तेंगिनाकाई को बीजेपी ने चुनावी मैदान में उतारा है। बीजेपी ने शेट्टर को टिकट देने से मना कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।
karnataka BJP List: कर्नाटक चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की तीसरी लिस्ट
इनका कटा टिकट
भाजपा ने हुबली-धारवाड़ मध्य सीट से महेश तेंगिनाकाई को मैदान में उतारा है, जहां से टिकट ना मिलने से नाराज पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। भाजपा ने महादेवपुरा सीट से वर्तमान विधायक अरविंद लिंबावली का टिकट काट दिया है। उनके स्थान पर पार्टी ने उनकी पत्नी मंजुला अरविंद लिंबावली को टिकट दिया है। अरविंद लिंबावली 2008 से इस सीट पर लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।
222 उम्मीदवारों की घोषणा
भाजपा ने राज्य की 224 विधानसभा सीट में से 222 पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने पहली सूची में 189 और दूसरी सूची में 23 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। अब दो सीट पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाकी है। कर्नाटक में 224 सीट पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 10 मई को होगा और नतीजों की घोषणा 13 मई को की जाएगी।
कांग्रेस के हुए जगदीश शेट्टर
वहीं भारतीय जनता पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर नाराज पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। भाजपा पर उन्हें सम्मानजनक विदाई न देकर उनका अपमान करने का आरोप लगाते हुए भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होकर वह अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। शेट्टर छह बार के विधायक, विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा के हुब्बल्ली-धारवाड़ मध्य सीट से उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट न देने पर उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला किया।
