Karnal Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए वोट 5 अक्टूबर को डाले जाएंगे। राज्य में इस बार का मुकाबला बीजेपी (BJP) और कांग्रेस के बीच है। अगर इस बीच करनाल विधानसभा सीट की बात करें तो करनाल विधानसभा सीट हरियाणा की सबसे हॉट सीटों में गिनी जाती है। इस सीट से पहली बार चुनाव लड़कर मनोहर लाल खट्टर सीएम की कुर्सी पर पहुंचे थे। दूसरी बार भी वे इसी सीट से चुनाव लड़े थे और मुख्यमंत्री बने। इसके बाद नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद इसी विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत भी दर्ज की। वहीं इस बार भी करनाल के रण में रोचक समीकरण देखने को मिल रहा है। वजह यह है कि एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस ने चुनावी रण में पूरे दम-खम से ताल ठोका है। भाजपा के रणनीतिकारों को अपने मजबूत कैडर पर भरोसा है तो कांग्रेस ने अनुभवी चेहरों को चुनाव मैदान में उतारकर सेफ गेम खेलने के मूड में है। जातीय समीकरण हों या अपने-अपने दलों की राजनीतिक पृष्ठभूमि, करनाल जिले की पांचों सीटों पर सभी प्रत्याशी हवा का रुख अपनी ओर करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे है।
करनाल विधानसभा सीट
करनाल सीट पर होगी कांटे की टक्कर
हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 की बात की जाए तो भाजपा ने इस बार मुख्यमंत्री नायब सैनी की जगह इस सीट से जगमोहन आनंद को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने इस सीट से सुमिता वर्क पर दांव खेला है। वहीं जेजेपी ने आसपा प्रत्याशी जितेंद्र रायल को अपना उम्मीदवार बनाया है। लेकिन यहां पर मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच है।
वहीं अगर 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव की बात करें तो करनाल से बीजेपी उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने जीत हासिल की थी। इस सीट पर खट्टर का मुकाबला कांग्रेस के तरलोचन सिंह से था। खट्टर ने तरलोचन सिंह को 45188 वोटों से मात दी थी। चुनाव आयोग के अनुसार, मनोहर लाल खट्टर को कुल 79906 वोट मिले थे, वहीं कांग्रेस के तरलोचन सिंह 34718 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे।
