Himachal Pradesh Assembly Elections 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सभी 68 सीटों के लिए आज मतदान (Voting) होगा। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी और इसी दिन चुनावी नतीजे (Election Results) घोषित किए जाएंगे। मतदान के लिए राज्य में केंद्रीय सुरक्षा बलों (Central Forces) की टीमें मुस्तैद हो गई हैं। केंद्र की तरफ से राज्य में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए वहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 67 कंपनियां तैनात की गयी हैं जिसमें लगभग 6,700 जवान शामिल हैं। इनमें CRPF की 15 कंपनियां भी शामिल की गई हैं।
आज डाले जाएंगे हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोट
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने 7881 पोलिंग बूथ स्थापित किए हैं। चुनावों में कुल 412 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिसमें 24 महिला, जबकि 388 पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य में कुल 55,07,261 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे ।कुल मतदाताओं में 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिला तथा 38 थर्ड जेंडर हैं। हिमाचल के साथ लगती अन्य राज्यों की सीमाओं पर चौकसी रखने के लिए हिमाचल पुलिस के अलावा केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को भी तैनात किया जाएगा। मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की निगरानी में रखा जाएगा।
भाजपा और कांग्रेस के वादे
हिमाचल प्रदेश में सर्दी शुरू होते ही मतदान भी हो रहा है लेकिन सियासी तस्वीर अभी भी धुंधली नजर आती है। इस बार सत्ता का सफर कौन तय करेगा, इसका फैसला काफ़ी हद तक इसी पर निर्भर दिखाई देता है कि इस पर्वतीय राज्य में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का मुद्दा भारी पड़ता है या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता। वैसे देखा जाए तो हिमाचल प्रदेश में साल 1982 के बाद से हर बार चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच बारी-बारी सत्ता परिवर्तन देखने को मिला है यानि कभी सरकार रिपीट नहीं हुआ। भाजपा ने उत्तराखंड की तरह यहां भी समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा करके चुनावी माहौल अपने पक्ष में करने की कोशिश में है।
