पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में हुगली नदी में नाव की सवारी का लुत्फ उठा सके, क्योंकि दिल्ली में यमुना नदी के जल के विपरीत इसका पानी साफ है।हावड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार को यमुना नदी में प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराया।
ममता बनर्जी और पीएम मोदी (फाइल फोटो)
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण मोदी राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी में नाव की सवारी का लुत्फ नहीं उठा पाएंगे।ममता ने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने हुगली नदी में नौका विहार का आनंद लेने का फैसला किया, जहां राज्य सरकार और कोलकाता नगर निगम समेत अन्य नगर निकायों ने नदी तट के आस-पास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण किया है।बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में प्रधानमंत्री के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता ने कहा कि उन्हें (मोदी) खुद स्थिति का आकलन करना चाहिए और इसकी तुलना भाजपा शासित राज्यों से करनी चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा, 'देखिए यहां शहर में, राज्य में, सड़कों पर महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं जबकि भाजपा शासित दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में महिलाओं पर हमले की घटनाएं हर रोज सामने आती हैं।'उन्होंने सवाल किया, 'आप हाथरस और दिल्ली (की घटनाओं) को क्यों भूल जाते हैं? कृपया हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर जाइए। आप मणिपुर पर चुप क्यों हैं?'
'बलात्कारियों को माला पहनाते हैं'
ममता ने आरोप लगाया, 'आप (भाजपा) उन लोगों को टिकट देते हैं, जो महिलाओं से बलात्कार करते हैं और बलात्कारियों को माला पहनाते हैं।'मुख्यमंत्री ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान लोगों को हुई 'परेशानियों' के लिए भाजपा और निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों में राज्य में एसआईआर से संबंधित तनाव के कारण 300 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
ममता ने कहा, 'बृहस्पतिवार को मतदान के लिए कतारों में खड़े रहने के दौरान चार लोगों की मौत की भी खबर मिली है।'उन्होंने एसआईआर के बारे में कहा, 'मैंने मतदाता सूची से 32 लाख लोगों के नाम हटाए जाने के मुद्दे को सफलतापूर्वक उठाया और उच्चतम न्यायालय का रुख किया।'केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि चार मई (मतगणना का दिन) के बाद 'तृणमूल कांग्रेस के उत्पीड़कों को सार्वजनिक रूप से उल्टा लटकाया जाएगा।'इसपर सवाल उठाते हुए ममता ने कहा कि क्या कोई केंद्रीय मंत्री इस तरह की धमकी दे सकता है।
'कोई केंद्रीय मंत्री इस तरह की धमकी दे सकता है?'
उन्होंने कहा, 'क्या मैं पूरे शिष्टाचार और सम्मान के साथ यह पूछ सकती हूं कि कोई केंद्रीय मंत्री इस तरह की धमकी दे सकता है?'मुख्यमंत्री ने बंगाल विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी को निर्णायक बहुमत मिलने का भरोसा जताया।उन्होंने कहा, 'पहले चरण के मतदान से स्पष्ट हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस दो चरण में होने वाले विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। भाजपा नेताओं की खुशी पल भर की है।'
ममता ने दावा किया, 'अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, मालदा और मुर्शिदाबाद में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। 93 फीसदी वोट निर्णायक रूप से एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ डाले गए हैं।'तृणमूल सुप्रीमो ने शाह के कोलकाता को कथित तौर पर झुग्गी-झोपड़ियों का शहर बताने पर भी आपत्ति जताई।उन्होंने कहा कि कोलकाता 'देश के अग्रणी औद्योगिक शहरों में से एक है।'
