LIVE
Chhattisgarh, MP Election 2023 Updates: मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म, दोनों राज्यों में बंपर वोटिंग
Chhattisgarh, MP Assembly Election 2023 Voting: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। दोनों राज्यों में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा सहित दिग्गज नेताओं ने अपने मताधिकार इस्तेमाल किया। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने राज्य के हित में लोगों से मतदान करने की अपील की थी। मध्य प्रदेश दिमनी में दो मतदान केंद्र पर हिंसा एवं पथराव हुआ था। दो गुटों के बीच हुई पत्थरबाजी में एक व्यक्ति घायल हुआ है। एमपी में विधानसभा की सभी 230 सीटों पर मतदान हुआ जबकि छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 70 सीटों पर वोटिंग हुई। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजे तीन दिसंबर को आएंगे। राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है।
NOV 17, 2023 18:57 IST
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म हो गया है। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में शाम 5 बजे तक 71.16% और छत्तीसगढ़ में 68.15% वोटिंग हुई है।
NOV 17, 2023 17:49 IST
छत्तीसगढ़: मतदान के बीच IED ब्लास्ट में जवान शहीद
छत्तीसगढ़ में मतदान के बीच गरियाबंद में नक्सलियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में ITBP का एक जवान शहीद हो गया।
NOV 17, 2023 17:46 IST
मध्य प्रदेश- छत्तीसगढ़ में शाम पांच बजे तक वोटिंग
चुनाव आयोग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में शाम 5 बजे तक 71.11 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में पांच बजे तक 67.34 प्रतिशत मतदान हुआ है।
NOV 17, 2023 17:07 IST
मप्र: नक्सल प्रभावित सीटों पर खत्म हुआ मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक, मध्य प्रदेश की नक्सल प्रभावित सीटों बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले के मतदान केंद्रों पर मतदान तीन बजे समाप्त हो गया।बालाघाट जिले की नक्सल प्रभावित बैहर सीट पर 61.87 प्रतिशत, लांजी में 74.40 प्रतिशत और परसवाड़ा में 72.32 प्रतिशत मतदान हुआ।
NOV 17, 2023 16:32 IST
सीएम शिवराज ने किया मतदान केंद्रों का दौरा
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जारी मतदान के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में मतदान केंद्र का दौरा किया।
NOV 17, 2023 15:49 IST
छत्तीसगढ़- 3 बजे तक 55.31 प्रतिशत मतदान
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 3 बजे तक 55.31 प्रतिशत मतदान हुआ है।
NOV 17, 2023 15:49 IST
मध्य प्रदेश- 3 बजे तक 60.52% वोटिंग
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 60.52% मतदान हुआ है।
NOV 17, 2023 15:15 IST
मैं MP के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं- सिंधिया
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा, मैंने पहले भी बताया है कि मैं मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हूं। मैं न तो पहले इस दौड़ में था और न ही आज। आपने 2013 में, 2018 में और इस चुनाव में भी मुझसे बार-बार पूछा और मैंने भी आपसे यही कहा।
NOV 17, 2023 14:47 IST
प्रियंका मनोरंजन के लिए मध्य प्रदेश आती हैं: चौहान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान फिल्मी चरित्रों से उनकी तुलना करने की आलोचना करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह मध्य प्रदेश में मनोरंजन और लोकतंत्र एवं लोगों का अपमान करने आती हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए जाने से पहले चौहान ने सीहोर जिले के जैत में अपने पैतृक आवास पर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘कांग्रेस तो गंभीर है ही नहीं। मैं प्रियंका गांधी से सवाल करना चाहता हूं कि क्या फिल्मों में एक्टिंग करना यहां मुद्दा है?, क्या जय और वीरू चुनाव का मुद्दा है?, क्या मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) के नाम पर फिल्म बन जाए ये मुद्दा है? अरे मजाक बना दिया चुनाव का। ये लोकतंत्र का अपमान है, जनता का अपमान है।’राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह सात बजे मतदान चल रहा है।
NOV 17, 2023 14:01 IST
NOV 17, 2023 13:25 IST
मप्र चुनाव: पूर्वाह्न 11 बजे तक 28.18 प्रतिशत मतदान
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान में पूर्वाह्न 11 बजे तक कुल 28.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकारों का प्रयोग किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ जैसे राजनीतिक दिग्गजों सहित 2,533 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्व 11 बजे तक राज्य में 28.18 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारी ने बताया कि राज्य में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित 47 और अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित 35 सीटों सहित सभी 230 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। अधिकारी ने बताया कि बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिलों के नक्सल प्रभावित इलाकों को छोड़कर सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान अपराह्न तीन बजे समाप्त हो जाएगा।
NOV 17, 2023 13:09 IST
दिग्गी राजा ने कहा-उम्मीद है कि सरकार निष्पक्ष कार्रवाई करेगी
मध्य प्रदेश में मतदान के दौरान हिंसा की हुई छिटपुट घटनाओं पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करेगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि कुछ जगहों पर झड़प की शिकायतें मिली हैं।
NOV 17, 2023 12:45 IST
छत्तीसगढ़ में 11 बजे तक लगभग 20% मतदान
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को 70 सीट के लिए हो रहे दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में सुबह 11 बजे तक लगभग 20 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण में 1,63,14,479 मतदाता हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, आठ मंत्रियों और चार सांसदों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राजिम जिले की नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के नौ मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर बाद तीन बजे समाप्त होगा।
NOV 17, 2023 12:12 IST
MP Election Voting Live: 32 साल की महिला ने जिंदगी में पहली बार डाला वोट
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में इंदौर के शहरी क्षेत्र में मतदान के पात्र कुल 15.55 लाख लोगों में गुरदीप कौर वासु सबसे अलग हैं। बत्तीस साल की गुरदीप बोल, सुन और देख नहीं सकतीं और उन्होंने शुक्रवार को अपने जीवन में पहली बार मतदान करके लोकतंत्र का उत्सव कहे जाने वाले चुनाव में भागीदारी की नजीर पेश की। गुरदीप की छोटी बहन हरप्रीत कौर ने बताया,‘मेरी बहन ने अपनी जिंदगी में पहली बार मतदान किया। वोट देने के लिए वह पिछले कई दिन से उत्साहित थी।’
NOV 17, 2023 11:45 IST
सिंधिया बोले-कुर्सी की रेस कांग्रेस में होती है
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री पद की रेस में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 2013, 2018 अथवा 2023 कभी भी इस रेस में नहीं रहे। भाजपा विकास के लिए काम करती है। कुर्सी की रेस कांग्रेस में होती है।
NOV 17, 2023 11:20 IST
NOV 17, 2023 11:10 IST
महामाया मंदिर में सिंहदेव ने टेका माथा
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं अंबिकापुर से उम्मीदवार टीएस सिंहदेव ने महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के बाहर मीडिया से बातचीत में सिंहदेव ने कहा कि हम अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। हर जगह से कांग्रेस के बारे में अच्छी बातें सुनने को मिल रही हैं।
NOV 17, 2023 10:30 IST
Chhattisgarh, MP Election Voting Live: दिमनी में दो मतदान केंद्रों पर झड़प, पथराव
मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों 147 एवं 148 पर हिंसा हुई है। पुलिस का कहना है कि यहां दो जगहों पर लोगों के बीच झड़प हुई। लोगों ने एक दूसरे पर पत्थर फेंके। इस झड़प में एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और पथराव के बाद घटनास्थल पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
NOV 17, 2023 10:20 IST
Chhattisgarh, MP Election Voting Live: मध्य प्रदेश में 9 बजे तक 10.4% मतदान
मध्य प्रदेश में 9 बजे तक 10.4% मतदान हुआ है। वहीं, छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर औसत 5.71% वोटिंग हुई है।
NOV 17, 2023 10:01 IST
छत्तीसगढ़ : दूसरे चरण में सीएम, डिप्टी सीएम मैदान में
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को 70 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण में 1,63,14,479 मतदाता हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, आठ मंत्रियों और चार सांसदों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। ज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राजिम जिले की नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के नौ मतदान केंद्रों-- कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़े गोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर बाद तीन बजे समाप्त होगा। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक है।
