West Bengal Assembly Election 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है तो वह राज्य में ''गुंडा राज'' और ''सिंडिकेट राज'' का अंत करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो साभार: @BJP4India)
नदिया जिले के तेहट्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ही मतदाताओं ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार का सफाया कर दिया है। उन्होंने कहा, ''भाजपा ने 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के चुनाव में 110 सीटें जीत ली हैं।''
अमित शाह ने जनता से की खास अपील
शाह ने कहा, ''अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो यहां 'गुंडा राज' और 'सिंडिकेट राज' का अंत हो जाएगा। मतदान करने से न डरें, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने पर्याप्त व्यवस्था की है। कोई भी आपको वोट डालने से नहीं रोक पाएगा।''
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो वह ''राज्य में छिपे घुसपैठियों'' की पहचान करेगी और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता को कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ के बावजूद अचानक हुई भारी बारिश के कारण अपना भाषण छोटा करना पड़ा।
TMC पर बरसे पीएम मोदी
इससे पहले, पीएम मोदी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार राज्य सचिवालय से नहीं बल्कि पार्टी द्वारा संरक्षित गुंडों और अपराधियों द्वारा चलाई जा रही है।
चुनाव प्रचार समाप्त होने से एक दिन पहले, हुगली जिले के आरामबाग में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार चलाने के लिए टीएमसी की 'असामाजिक तत्वों पर निर्भरता' के कारण अक्सर कलकत्ता उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा है।
पीएम मोदी ने कहा, ''टीएमसी की 'निर्मम सरकार' नबान्न (राज्य सचिवालय) से नहीं चलती। इसे गुंडे और अपराधी चलाते हैं, और सरकार को पटरी पर लाने के लिए उच्च न्यायालय और देश की शीर्ष अदालत के हस्तक्षेप की आवश्यकता पड़ी है।''
