West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में गुरुवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रहमत नगर के पास क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर पथराव किया गया जिससे उसकी पिछली खिड़कियों के शीशे टूट गए।
भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल की कार पर पथराव (फोटो साभार: @paulagnimitra1)
कार पर हुए हमले को लेकर क्या बोलीं अग्निमित्रा पॉल
अग्निमित्रा ने पत्रकारों से कहा, "जब मैं मतदान केंद्र परिसर से बाहर निकल रही थी, तब मेरी चलती कार पर पत्थर फेंके गए, जिससे पीछे की खिड़की का शीशा टूट गया। यह साफ है कि इसके पीछे कौन है। यह चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है।"
आसनसोल की मौजूदा विधायक ने बताया कि चुनाव संबंधी अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि वे घटना की जांच कर रहे हैं। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच 152 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे पहले चरण के मतदान के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों से छोटी-मोटी झड़पों की खबरें आईं।
मुर्शिदाबाद में भारी बवाल
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़पें हुईं जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। एजेयूपी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने शिवनगर गांव में व्याप्त तनाव के बीच एक मतदान केंद्र का दौरा किया जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। तृणमूल समर्थकों ने इसके विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया, नारे लगाए और कबीर के वाहन को घेर लिया तथा उन्हें 'भाजपा का एजेंट' करार दिया।
विरोधी गुटों ने कथित तौर पर पत्थर और ईंटें फेंकीं जिससे स्थिति और बिगड़ गई तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। झड़पों में कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कबीर ने सत्तारूढ़ पार्टी पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और चुनावी कदाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता, 'पुलिस के साथ मिलकर' बीती रात से ही धमकियां और प्रलोभन देकर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं।
