MP-राजस्थान समेत चार सूबों का सियासी संग्रामः कहां कौन बनाएगा सरकार? मतगणना आज, समझें- कैसे ये है 2024 का सेमीफाइनल

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 3, 2023, 12:16 AM IST

Assembly Elections 2023: फिलहाल राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, जबकि म.प्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन है। वहीं, तेलंगाना में के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार।

Assembly Elections 2023: मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत चार राज्यों में इस बार किसकी सरकार बनेगी? यह आज यानी रविवार (तीन दिसंबर, 2023) को साफ हो जाएगा। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए इन सूबों में वोटों की गिनती होगी। मतगणना चालू होने के कुछ ही देर बाद सुबह रुझान आने लगेंगे, जबकि दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन सा दल किस सूबे में आगे और मजबूत स्थिति में है।

MP-राजस्थान समेत चार सूबों का सियासी संग्रामः कहां कौन बनाएगा सरकार? मतगणना आज, समझें- कैसे ये है 2024 का सेमीफाइनल

त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच आठ बजे से काउटिंग

म.प्र की 230 सीट, छत्तीसगढ़ की 90 सीट, तेलंगाना की 119 सीट और राजस्थान की 199 सीट (200 हैं, पर एक विधानसभा सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु होने के चलते चुनाव टला) के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह ठीक आठ बजे काउंटिंग शुरू होगी। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। केवल वैध पास रखने वाले लोगों को ही मतगणना केंद्रों में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।

क्या कहते हैं EXIT POLLS?

अधिकतर ‘एग्जिट पोल्स’ (चुनाव के बाद किए गए सर्वेक्षण) में मध्य प्रदेश में भाजपा को आगे बताया गया, जबकि राजस्थान में कांटे के मुकाबले की संभावना जताई गई और तेलंगाना के साथ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया।

...तो असल टक्कर इन दलों के बीच है!

मौजूदा समय में राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है, जबकि म.प्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन है। इन तीनों ही सूबों में असल टक्कर कांग्रेस और भाजपा के बीच है। वहीं, दक्षिण भारत के तेलंगाना में के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) 'हैट्रिक' (तीसरी बार सरकार बनाने) लगाने की आस लगाए बैठी है।

इस चीज की उम्मीद लगाए बैठी है BJP

भाजपा गुजरात की जीत की लय को मध्य प्रदेश में दोहराने की कोशिश कर रही है। गुजरात में भाजपा 1998 से शासन कर रही है। मध्य प्रदेश में चार बार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान फिर से अपनी सरकार बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। भाजपा इसके साथ ही राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी जीत हासिल करने की उम्मीद कर रही है और वह लोकसभा चुनाव से पहले हिंदी भाषी राज्यों में अपनी पकड़ फिर से हासिल करना चाहती है।

विपक्षी गठजोड़ भी तलाश रही 'टर्निंग प्वॉइंट'

हालांकि, मई में कर्नाटक में भाजपा को सत्ता से हटाने के बाद कांग्रेस की नजर म.प्र और तेलंगाना में जीत पर है और वह राजस्थान के साथ छत्तीसगढ़ में सत्ता बरकरार रखने की उम्मीद कर रही है। इन चुनावों में प्रभावशाली प्रदर्शन से विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) में पार्टी की स्थिति मजबूत होगी।

2024 के सेमीफाइनल जैसे हैं ये चुनाव

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा से मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया गया है। चूंकि, देश में आम चुनाव (साल 2024 के लोकसभा चुनाव) में अब छह महीने से भी कम का समय बचा है। ऐसे में इन राज्यों के विधानसभा चुनाव को सेमीफाइनल मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)

End of Feed