Assam Assembly Election 2026: असम में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। आज कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम सीएम हिमंत सरमा पर बम फोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पवन खेड़ा ने दावा किया कि हिमंत सरमा की पत्नी के रिंकी भुइयां सरमा की दुबई में दो प्रॉपर्टी हैं, जिसकी पूरी जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंत सरमा ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी की दुबई वाली प्रॉपर्टी का जिक्र नहीं किया है। इतना ही नहीं खेड़ा ने ये भी आरोप लगाया कि असम सीएम की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट हैं। वहीं, सीएम हिमंत ने भी कांग्रेस नेता के इन आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने पवन खेड़ा पर झूठे आरोप लगाने का दावा करते हुए कहा कि वे उनके पवन खेड़ा को अदालत तक घसीटेंगे।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा।
क्या बोले असम सीएम?
कांग्रेस नेता के आरोपों पर असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पवन खेड़ा की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरी निराशा और घबराहट को दर्शाती है। असम ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से बढ़ रहा है, ऐसे में इस तरह के हताश और निराधार हमले केवल उनकी कमजोर स्थिति को उजागर करते हैं। मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को सिरे से खारिज करता हूं। ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं जिनका उद्देश्य असम की जनता को गुमराह करना है।
'48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ करेंगे केस'
असम सीएम ने आगे पवन खेड़ा को अदालत में घसीटने की बात करते हुए कहा कि मेरी पत्नी और मैं अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि के मामले दर्ज करेंगे। उन्हें उनके लापरवाह और मानहानिकारक बयानों के लिए पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। एक बार अदालत में सच्चाई साबित हो जाने पर, पवन खेड़ा को अपने कार्यों के परिणाम भुगतने होंगे और कानून अपना काम करेगा। असम की जनता इस तरह के दुष्प्रचार से गुमराह नहीं होगी। हम जनता से 100 से अधिक सीटों का निर्णायक जनादेश प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित और आश्वस्त हैं।
कांग्रेस का घटिया और बेतरतीब प्रोपेगेंडा
असम सीएम ने इसे कांग्रेस का घटिया और बेतरतीब प्रोपेगेंडा बताते हुए कहा कि जो लोग झूठ फैलाने में लगे हैं, उन्हें जवाब देना होगा। सच बहुत जल्द सामने आएगा। इस दौरान उन्होंने पवन खेड़ा के आरोपों पर कई तकनीकी सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन पासपोर्ट का दावा कर रही है, उनमें प्रारंभिक स्तर पर ही कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता द्वारा शेयर किए गए दस्तावेजों में सरनेम में गड़बड़ी है, उन्होंने दावा किया कि आधिकारिक रिकॉर्ड में उनका उपनाम Sharma है, जबकि कांग्रेस द्वारा पेश किए गए दस्तावेज में Sarma लिखा गया है। इसके अलावा, फोटो बायोमेट्रिक नहीं है बल्कि किसी वेबसाइट से उठाई गई सामान्य इमेज जैसी है। वहीं यूएई की आईडी में भी विसंगतियां दिख रही हैं, इसमें आईडी सीक्वेंस कथित जन्म-वर्ष पैटर्न से मेल नहीं खाता। इसमें राष्ट्रीयता 'Egypt' दर्ज है, जबकि MRZ में इससे अलग देश-कोड है।एंटीगुआ एवं बारबुडा के पासपोर्ट में प्रिंटेड एक्सपायरी डेट और MRZ की तारीख एक-दूसरे से अलग हैं। इसी तरह मिस्र के पासपोर्ट में भी त्रुटियां हैं। इसके अलावा, जिस संपत्ति के टाइटल डीड की वो बात कर रहे हैं, उसका QR कोड भी संदिग्ध है। उसे स्कैन करने पर कोई भी आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं मिलता है।
पवन खेड़ा ने क्या लगाए थे आरोप?
इससे पहले, कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए दावा किया था कि हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास 3 पासपोर्ट हैं। इनमें एक यूएई, दूसरा एंटीगुआ एवं बारबुडा और तीसरा मिस्र का है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सवाल किया था कि सरमा की पत्नी को तीन पासपोर्ट रखने की क्या जरूरत है, क्या वे अपराधी हैं? कहीं ऐसा तो नहीं कि हिमंत सरमा के पास भी और भी पासपोर्ट हैं? कहीं ये चुनाव हारने के बाद फरार होना तो नहीं चाहते। पवन खेड़ा ने असम सीएम को अमित शाह का दत्तक पुत्र बताते हुए ये भी पूछा था कि गृहमंत्री शाह और पीएम मोदी इसे लेकर कब कार्रवाई और जांच करवाएंगे।
हिमंत ने अपनी पत्नी की दुबई वाली प्रॉपर्टी को एफिडेविट में क्यों नहीं दिखाया?
साथ ही पवन खेड़ा ने दावा किया कि हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी की दुबई में 2 प्रॉपर्टी हैं, जिसकी पूरी जानकारी उपलब्ध है। इसकी डीड में साफ लिखा है कि प्रॉपर्टी की मालिक रिंकी भुइयां सरमा हैं। उन्होंने पूछा कि विदेश में प्रॉपर्टी कई लोग रखते हैं, लेकिन जब पत्नी या पति चुनाव लड़ते हैं, तो अपने एफिडेविट में दिखाना होता है, लेकिन हिमंत बिस्वा सरमा के एफिडेविट में दुबई की दोनों प्रॉपर्टी का कोई जिक्र नहीं है। ऐसे में सवाल है- हिमंत ने अपनी पत्नी की दुबई वाली प्रॉपर्टी को एफिडेविट में क्यों नहीं दिखाया? वहीं, इससे पहले, राहुल गांधी ने असम में एक रैली के दौरान कहा था कि चुनाव जीतने के हिमंत सरमा को जेल भेजा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने ये आरोप तब लगाए जब वहां चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में है। बता दें कि 9 अप्रैल को असम में विधानसभा चुनाव होना है। वहीं, 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
