Amit Shah in Bihar: भारतीय जनता पार्टी नेता व गृह मंत्री अमित शाह ने आज रोहतास और बेगूसराय के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। शाह ने रोहतास और बेगूसराय जिलों के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की योजनाओं पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। शाह ने कहा कि अगर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो बिहार घुसपैठियों से भर जाएगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘‘वोटर अधिकार यात्रा’’ का जिक्र करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि आप (भाजपा कार्यकर्ता) जानते हैं कि इसका उद्देश्य क्या था? इसका उद्देश्य बांग्लादेश से आये घुसपैठियों की रक्षा करना था।
बिहार चुनाव की तैयारियों में जुटे अमित शाह (ANI)
राहुल गांधी के वोट चोरी का आरोप एक झूठा विमर्श
शाह ने कहा, आपको पूरे राज्य में जाना चाहिए, हर घर में जाना चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि अगर वे (विपक्षी गठबंधन) सत्ता में आ गए तो बिहार का हर जिला घुसपैठियों से भर जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोप को भी झूठा विमर्श करार दिया और कहा कि उन्होंने (कांग्रेस नेताओं ने) पहले भी इसी तरह की रणनीति अपनाई थी जब उन्होंने आरोप लगाया था कि हम अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण खत्म करना चाहते हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ।
एनडीए के खराब प्रदर्शन को लेकर चिंतित
पीटीआई के मुताबिक, पार्टी सूत्रों के अनुसार, शाह इस क्षेत्र में एनडीए के खराब प्रदर्शन को लेकर चिंतित हैं। इस क्षेत्र में रोहतास, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, गया, नवादा, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद जैसे जिले शामिल हैं। हालांकि पटना और मुंगेर एनडीए के गढ़ हैं, लेकिन शाह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि भाजपा और उसके सहयोगी इस क्षेत्र में क्लीन स्वीप करें।
सिन्हा बोले- अमित शाह का दौरा मनोबल बढ़ाने वाला
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पहले कहा था कि शाह गुरुवार को राज्य की राजधानी से 50 किलोमीटर दूर स्थित औद्योगिक नगर डेहरी-ऑन-सोन में मगध-शाहाबाद क्षेत्र के 10 जिलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं से बातचीत करेंगे। उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कहा था, हमें शुरू से ही विधानसभा चुनाव जीतने का भरोसा था। लेकिन ऐसे महत्वपूर्ण समय में अमित शाह का दौरा मनोबल बढ़ाने वाला है। सिन्हा, सांसद संजय जायसवाल, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्य मंत्री मंगल पांडे और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने बुधवार रात शाह का हवाई अड्डे पर स्वागत किया और उन्हें होटल तक पहुंचाया।
सीएम नीतीश ने की शाह से मुलाकात
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। एक जदयू नेता ने यह जानकारी दी। नीतीश कुमार, जो जदयू अध्यक्ष भी हैं, उन्होंने शाह से रोहतास के डेहरी-ऑन-सोन और बेगूसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक से पहले मुलाकात की। जदयू नेता ने कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। जदयू एनडीए का एक गठबंधन सहयोगी है। बिहार में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं।
