Bihar Elections 2025: बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है और जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। इस बीच, भाजपा आलाकमान ने शुक्रवार को फैसला किया कि पार्टी से जुड़े सभी चुनाव निर्णय पटना में लिए जाएंगे।
सभी चुनावी फैसले पटना में लेगी भाजपा आलाकमान (फाइल फोटो)
सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर होगा निर्णय
भाजपा सीट शेयरिंग फॉर्मूला और प्रचार अभियान से लेकर उम्मीदवारों के चयन तक चुनाव से जुड़े तमाम फैसले पटना में करेगी। कुछ दिनों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित अमित शाह बिहार में ही कैंप करेंगे और खुद ही चुनावी कमान संभालेंगे। सनद रहे कि अमित शाह और नीतीश कुमार की मौजूदगी में गुरुवार को पटना में भाजपा और जेडीयू की राज्य इकाई के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में संभवत: शीट शेयरिंग फॉर्मूले पर बातचीत हुई। हालांकि, इस बैठक को लेकर किसी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर या नवंबर में हो सकता है। हालांकि, चुनाव आयोग (ECI) ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है। भाजपा, जद(यू) और लोजपा से मिलकर बना राजग बिहार में अपना कार्यकाल जारी रखना चाहता है, जबकि राजद, कांग्रेस और वामदलों से मिलकर बना इंडिया ब्लॉक नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की जुगत में लगा है।
किसके पास कितनी हैं सीटें
243 सदस्यों वाली वर्तमान बिहार विधानसभा में राजग के 131 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 80, जद(यू) के 45, हम(एस) के 4 और 2 निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन शामिल है। वहीं, विपक्ष के इंडिया ब्लॉक में 111 सदस्य हैं, जिनमें राजद के 77, कांग्रेस के 19, भाकपा (माले) के 11, माकपा के 2 और भाकपा के 2 विधायक हैं।
