UPSSSC OTR: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' (OTR) प्रणाली की शुरूआत की है तो आज यानी 14 जुलाई से लागू हो गई है। इस नई व्यवस्था के शुरू होने से अब प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को भविष्य में आने वाली विभिन्न भर्तियों के लिए बार-बार पर्सनल डिटेल्स भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं यूपीएसएसएससी की इस नई ओटीआर प्रणाली से जुड़े सभी प्रमुख दिशा-निर्देश और जरूरी नियमों के बारे में।
भविष्य की सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए OTR अनिवार्य
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भविष्य में आयोजित होने वाली सभी प्रारम्भिक अर्हता परीक्षाओं (PET) और उनसे संबंधित मुख्य परीक्षाओं (Main Exams) में शामिल होने के लिए अब वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है। इस व्यवस्था के अनुसार, एक बार अभ्यर्थी की OTR संख्या जनरेट हो जाने के बाद, आगे आने वाले सभी भर्ती आवेदनों में केवल उसी नंबर का इस्तेमाल करना होगा। उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की आवश्यकता नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - NEET पास करने के बाद भी इन वजहों से रद्द हो सकता है एडमिशन, छात्र गांठ बांध लें ये बातें
क्या है इस नई व्यवस्था को लेकर नियम
जिन अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें अपने पुराने पंजीकरण संख्या के आधार पर ही ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसे अभ्यर्थी को नया ओटीआर नहीं बना सकेंगे। इसके साथ ही आयोग ने साफ किया है कि ओटीआर की यह सुविधा पूरी तरह से मुफ्त है और इसके लिए अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
OTR के लिए भरनी होगी यह डिटेल्स
ओटीआर रजिस्ट्रेशन करते समय अभ्यर्थियों को अपने ओरिजनल दस्तावेजों के अनुसार ही निम्नलिखित जानकारियां दर्ज करनी होंगी:
- अभ्यर्थी का नाम
- माता-पिता का नाम
- जन्म तिथि
- मूल राज्य
- गृह जनपद
- निवास स्थान का पता
- हाईस्कूल (10वीं) से संबंधित सभी जरूरी विवरण
- सक्रिय मोबाइल और ई-मेल
- फोटो
- हस्ताक्षर
फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के कड़े नियम
आयोग ने आवेदन पत्र में फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने के लिए स्पष्ट गाइडलाइन जारी की हैं, जिनका पालन न करने पर फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है:
फोटोग्राफ: अभ्यर्थी को पिछले 6 महीने के भीतर खींची गई रंगीन फोटो ही अपलोड करनी होगी। इसका साइज 50 KB से 100 KB के बीच और फॉर्मेट JPEG/JPG होना चाहिए।
हस्ताक्षर: हस्ताक्षर हिंदी या अंग्रेजी किसी भी भाषा में किए जा सकते हैं, लेकिन अंग्रेजी के कैपिटल लेटर में किए गए हस्ताक्षर पूरी तरह अमान्य होंगे। इसके अलावा, सबसे महत्वपूर्ण नियम यह है कि अभ्यर्थी को अपने हस्ताक्षर के ठीक नीचे खुद की हैंडराइटिंग में अपना नाम हिंदी में लिखना अनिवार्य होगा। हस्ताक्षर फाइल का साइज 30 KB से 50 KB के भीतर होना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - NEET PG 2026: नीट पीजी परीक्षा में आवेदन करने की लास्ट डेट करीब, ऐसे करें आवेदन
भूलकर भी न करें ये गलतियां
यूपीएसएसएससी ने अभ्यर्थियों को फॉर्म सबमिट करने से पहले हर एक जानकारी को सावधानीपूर्वक जांचने की सलाह दी है। आयोग के सचिव के अनुसार, एक बार ओटीआर संख्या जारी होने के बाद दर्ज किए गए विवरण में किसी भी प्रकार का संशोधन (Correction) संभव नहीं होगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वह ओटीआर संख्या के लिए भरे जाने वाले फॉर्म में सारी जानकारी ध्यान से भरें।
इसके साथ ही, प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए केवल एक ही OTR संख्या मान्य होगी। यदि कोई उम्मीदवार एक से अधिक ओटीआर नंबर बनाने की कोशिश करता है, तो उसका पंजीकरण और अभ्यर्थन पूरी तरह निरस्त कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स और पासवर्ड को पूरी तरह गोपनीय रखना होगा, क्योंकि इसके दुरुपयोग की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।
