UPSC Civil Service Exam Result 2022: संघ लोक सेवा आयोग ने 23 मई को सिविल सेवा परीक्षा 2022 (यूपीएससी) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। यूपीएससी द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा की मेरिट लिस्ट में कुल 933 अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। काफी दिनों से अभ्यर्थी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे और आयोग ने मंगलवार दोपहर परिणाम जारी कर दिया। यूपीएससी 2022 में इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है। ग्रेटर नोएडा की रहने वाली इशिता किशोर ने ऑल इंडिया लेवल पर टॉप किया है, वहीं प्रथम चार स्थानों पर बेटियों का कब्जा है।
UPSC Civil Service Exam 2022
यूपीएससी 2022 टॉप 10 में छह महिला अभ्यर्थी
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2022 के टॉप 10 में बेटियों की बात करें तो इशिता किशोर ने पहला स्थान पाया है, वहीं दूसरी स्थान पर गरिमा लोहिया, तीसरे स्थान पर उमा हरति एन, चौथे स्थान पर स्मृति मिश्रा हैं। छठवें नंबर पर गहना नव्या जेम्स, नौंवे नंबर पर कनिका गोयल हैं। इस बार टॉप 10 में 6 बेटियां हैं। वहीं टॉप 25 में इस बार 14 महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है।
पहली बार 34 प्रतिशत महिलाओं का चयन
यूपीएएसी के इतिहास में पहली बार एक तिहाई पदों पर महिलाओं का चयन हुआ है। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 613 पुरुष और 320 महिलाएं हैं। इस बार 34 प्रतिशत महिलाओं का चयन हुआ है। वहीं 2021 में कुल 685 में 177 महिलाएं, 2020 में कुल 833 में 238 महिला, 2019 में कुल 922 में 220 महिलाओं और 2018 में कुल 812 में 193 महिलाओं का चयन हुआ था। 2022 में महिलाओं का पास प्रतिशत सर्वाधिक है।
इस परीक्षा को पास करने के बाद 180 अभ्यर्थी आईएएस बनेंगे जबकि 38 अभ्यर्थी आईएफएस बनेंगे। 200 अभ्यर्थियों को आईपीएस बनने का मौका मिलेगा। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1022 पद भरे जाने हैं। बता दें कि 18 अप्रैल तक यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के इंटरव्यू राउंड हुए थे। 30 जनवरी से साक्षात्कार प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी। मुख्य परीक्षा में पास 2529 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था।
