UP TGT exam city intimation slip: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने UP TGT भर्ती परीक्षा 2026 के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। ब उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर यह देख सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस जिले में आयोजित होगी। बता दें कि टीजीटी के 3,539 विज्ञापित पदों के लिए कुल 8,68,531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए प्रदेश के 36 जनपदों में 614 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 3,539 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए करीब 8.68 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिससे प्रतियोगिता काफी कड़ी मानी जा रही है। आयोग ने यह सुविधा परीक्षा से पहले इसलिए जारी की है ताकि अभ्यर्थी अपने यात्रा और रहने की व्यवस्था समय रहते कर सकें। UP TGT भर्ती परीक्षा 3 और 4 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के 36 जिलों में बनाए गए 614 परीक्षा केंद्रों पर होगी।
ऐसे डाउनलोड करें सिटी स्लिप
उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स की मदद से एग्जाम सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ परीक्षा शहर की जानकारी के लिए जारी की गई है। इसे एडमिट कार्ड के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। आधिकारिक एडमिट कार्ड 30 मई 2026 को जारी किए जाएंगे। होमपेज पर दिए गए लिंक के माध्यम से अपनी जरूरी डिटेल्स भरकर चेक कर सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस शहर में है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। आयोग ने विषयवार और शिफ्टवार परीक्षा कार्यक्रम पहले ही अपनी वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर जारी कर दिया है।
