उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने बुधवार, 26 अगस्त 2026 को परीक्षा परिणाम घोषित किया। UP TET 2026 का रिजल्ट अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित लिंक पर जाकर अपनी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। बता दें कि UP TET पास करना उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती के लिए एक महत्वपूर्ण पात्रता मानी जाती है। ऐसे में रिजल्ट जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की नजर आगामी शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया और संबंधित नोटिफिकेशन पर रहेगी।
UP TET Result 2026 हुआ जारी, 80% से ज्यादा अभ्यर्थी पास, यहां देखें पूरी डिटेल
आयोग की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, UP TET 2026 में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रदेश के 60 जनपदों में 955 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। आयोग के अनुसार, बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पंजीकरण को देखते हुए परीक्षा का आयोजन तीन दिनों में कुल पांच पालियों में कराया गया था। इनमें उच्च प्राथमिक स्तर की तीन पालियां और प्राथमिक स्तर की दो पालियां शामिल थीं।
प्राथमिक स्तर में 80.07% अभ्यर्थी सफल
कक्षा 1 से 5 तक के लिए आयोजित प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 5,71,435 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। इस तरह प्राथमिक स्तर पर 80.07 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में पास हुए हैं।
उच्च प्राथमिक स्तर में 71.85% पास
वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के लिए आयोजित उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। उच्च प्राथमिक स्तर पर सफलता प्रतिशत 71.85 प्रतिशत रहा। आयोग ने बताया कि अभ्यर्थियों के तुलनात्मक मूल्यांकन के लिए विज्ञापन के बिंदु-09 में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है।
आयोग ने परीक्षा में शामिल कार्यरत शिक्षकों का परिणाम भी जारी किया है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 प्रतिशत सफल हुए हैं। इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 प्रतिशत अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
