UP Home Guard PET 2026: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट-2025 के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी PET की तारीख में बदलाव किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा की निर्धारित तिथि को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक अब यह परीक्षा 14 सितंबर 2026 से आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तारीख बदलने के साथ ही अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र में भी बदलाव किया जाएगा। बोर्ड के मुताबिक संशोधित प्रवेश पत्र 7 सितंबर 2026 से वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करें। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि संशोधित तिथि वाले प्रवेश पत्र ही मान्य होंगे। इसलिए अभ्यर्थी पुराने प्रवेश पत्र के आधार पर परीक्षा केंद्र पर न जाएं।
यूपी होमगार्ड पीईटी का नया शेड्यूल जारी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुरुष और महिला होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन प्रस्तावित था। पहले यह परीक्षा 8 सितंबर 2026 से शुरू होनी थी। वर्तमान में प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे मौसम में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित कराने से अभ्यर्थियों की सुरक्षा, परीक्षा की निष्पक्षता और पूरी प्रक्रिया के सुचारू संचालन पर असर पड़ सकता है।
अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी सूचनाओं और निर्देशों के लिए समय-समय पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। परीक्षा केंद्र, समय और अन्य जरूरी निर्देश संशोधित प्रवेश पत्र में दिए जाएंगे। बोर्ड ने बताया कि बारिश को देखते हुए 8 सितंबर की प्रस्तावित PET को स्थगित करते हुए अब 14 सितंबर 2026 से परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है।
