Uttar Pradesh Special TET 2026: उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। राज्य सरकार ने पहले से सेवा दे रहे शिक्षकों (इन-सर्विस टीचर्स) के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) आयोजित कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से विस्तृत कार्ययोजना और प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है।
यूपी के 1.86 लाख शिक्षकों के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला
1.86 लाख कार्यरत शिक्षकों पर पड़ेगा असर
सरकार के इस फैसले का असर प्रदेश के करीब 1.86 लाख कार्यरत शिक्षकों पर पड़ेगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद इन शिक्षकों के लिए सेवा में निरंतरता बनाए रखने और पदोन्नति के पात्र बने रहने हेतु टीईटी परीक्षा पास करना जरूरी कर दिया गया है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शासन विशेष टीईटी आयोजित कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
दंपती शिक्षकों को बड़ी राहत
परिषदीय शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादलों से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के निर्देशों के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने दंपती शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। विभाग ने ऐसे शिक्षकों के लिए ट्रांसफर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 5 अगस्त कर दी है।
5 अगस्त तक आवेदन का मौका
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने महानिदेशक, स्कूल शिक्षा को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि न्यायालय के आदेश और लागू शासनादेश के दायरे में आने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को 5 अगस्त तक आवेदन का अवसर दिया जाए। इसके लिए विभागीय पोर्टल पर सूचना जारी कर सभी जिलों में कार्यरत शिक्षकों को समय सीमा बढ़ने की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आखिर क्यों बढ़ी है आवेदन की समय-सीमा?
दरअसल, दंपती शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया को लेकर बनी कुछ भ्रम की स्थिति के कारण कई पात्र शिक्षक निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर सके थे। इसी को देखते हुए विभाग ने आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
