UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 18 फरवरी से क्लास 10 और क्लास 12 की बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्टर करने वाले 53 लाख से अधिक छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अभी केवल अपने सिलेबस, रिवीजन और नोट्स पर ध्यान देने में व्यस्त है। लेकिन इस बीच उन्हें इस बात पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है कि परीक्षा केंद्र में क्या लेकर जाएं और क्या नहीं!यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्र पर गई एक भी गलत चीज आपके लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है। इतना ही नहीं आपको परीक्षा में बैठने से भी रोका जा सकता है।
सभी छात्र जानते हैं कि यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए सख्ती से नियमों का पालन करता है। ऐसे में आपकी एक छोटी सी गलती आप पर भारी पड़ सकती है। इस स्थिति से बचने के लिए छात्रों को पता होना चाहिए कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाना चाहिए और क्या नहीं। आइए आपको बताएं…
यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाएं?
अगर आप यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाला हैं तो सबसे पहले तो आपको अपना परीक्षा एडमिट कार्ड रखना है। उसके साथ एक वैध फोटो आईडी जैसे आधार कार्ड, स्कूल आईडी रखनी आवश्यक है। इसके साथ आपको पारदर्शी पेन-पेंसिल पाउच रखना है, जिसमें आप परीक्षा देने के लिए पेन, पेंसिल, पारदर्शी स्केल, कंपास, शार्पनर और इरेजर रख सकते हैं। छात्रों को सलाह कि पाउच में सुरक्षा के लिहाज से दो पेन रखें। इसके अलावा ट्रांसपेरेंट पानी की बोटल भी रख सकते हैं।
परीक्षा हॉल में क्या न ले जाएं?
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र परीक्षा केंद्र पर कैलकुलेटर, इलेक्ट्रिक डिवाइस, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और एडमिट कार्ड के अलावा किसी भी प्रकार का पेपर लेकर नहीं जा सकते हैं।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर नियम
जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रों के जूते उतरवा दिए गए थे, जिसे लेकर अभिभावकों में काफी गुस्सा देखने को मिला था। इसलिए इस बार बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले गेट पर भी छात्रों की चेकिंग की जाएगी और जूते उतारने जैसी गतिविधियों को अंजाम नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही छात्राओं की चेकिंग के लिए महिला टीचर रखी जाएगी।
30 मिनट की देरी पर भी मिलेगी एंट्री
बता दें कि बोर्ड परीक्षा में छात्रों को तय समय से करीब 1 घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी गई है। उसके बाद गेट बंद कर दिए जाते हैं। लेकिन अगर छात्र किसी कारण से लेट है तो परीक्षा के प्रश्न पत्र शुरू होने के करीब 30 मिनट तक परीक्षा केंद्र में एंट्री की अनुमति दे सकते हैं। लेकिन जो छात्र इससे अधिक लेट होते हैं उन्हें किसी स्थिति में भी परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
