SHRESHTA NETS 2027 Registration: देश के वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 'टारगेटेड एरियाज में हाई स्कूल के छात्रों के लिए आवासीय शिक्षा योजना' यानी SHRESHTA के अंतर्गत नेशनल एंट्रेंस टेस्ट (NETS) 2027 का नोटिफिकेशन जारी किया था। इस योजना के माध्यम से चयनित होने वाले लगभग 2,400 प्रतिभावान छात्रों की पढ़ाई और रहने-खाने का पूरा खर्च सरकार स्वयं वहन करती है, जिससे उन्हें देश के शीर्ष निजी आवासीय स्कूलों में शिक्षा पाने का सुनहरा अवसर मिलता है। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताएं।
SHRESHTA NETS 2027 Registration (Photo - AI/Newsroom Verified)
कब तक और कहां से कर सकते हैं आवेदन
SHRESHTA NETS 2027 परीक्षा के लिए योग्य उम्मीदवारों 30 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक पोर्टल exams.nta.nic.in/shreshta/ पर जाना है और रजिस्टर पर एप्लीकेशन फॉर्म भरना है। इस परीक्षा की सबसे खास बात यह है कि छात्रों को किसी भी प्रकार के आवेदन शुल्क का भुगतान नहीं करना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - CBSE गणित में 90 प्लस स्कोर करना है तो अपनाएं ये 5 टिप्स
किसे मिलेगा लाभ और क्या हैं एलिजिबिलिटी?
इस प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को निम्नलिखित मानदंडों को पूरा करना आवश्यक है -
- यह योजना विशेष रूप से अनुसूचित जाति (SC) के 2,160 और डी-नोटिफाइड ट्राइब्स (DNT) समुदायों (जो SC, ST या OBC श्रेणी में नहीं आते) के 240 मेधावी छात्रों के लिए संचालित की जाती है।
- शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 8 में पढ़ रहे छात्र, जो कक्षा 9 में प्रवेश के लिए और कक्षा 10 में पढ़ रहे छात्र कक्षा 11 में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- आवेदक के माता-पिता या अभिभावक की सालाना कुल आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
- कक्षा 9 में प्रवेश के लिए छात्र की जन्म तिथि 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2015 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा 11 में दाखिले के लिए जन्म तिथि 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2013 के मध्य (31 मार्च 2027 के अनुसार) निर्धारित की गई है।
परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण डेट्स
| गतिविधि / चरण | निर्धारित तिथि |
| ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि | 30 नवंबर 2026 |
| फॉर्म करेक्शन विंडो | 2 दिसंबर से 4 दिसंबर 2026 |
| एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप | 20 दिसंबर 2026 |
| एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि | 3 जनवरी 2027 |
| SHRESHTA NETS परीक्षा तिथि | 10 जनवरी 2027 (दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक) |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -ओडिशा बोर्ड कक्षा 10वीं 12वीं की डेटशीट जारी, मार्च में होंगे एग्जाम
छात्रों के लिए क्यों खास है यह अवसर?
अक्सर आर्थिक तंगी के कारण ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के प्रतिभाशाली बच्चे बड़े आवासीय स्कूलों में नहीं पढ़ पाते। यह योजना उनकी स्कूल फीस, हॉस्टल, किताबों और यूनिफॉर्म तक का शत-प्रतिशत खर्च उठाती है। फॉर्म भरते समय छात्र का जाति/समुदाय प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पिछली कक्षा की मार्कशीट जैसे दस्तावेज अपने पास तैयार रखें, ताकि बिना किसी गलती के समय पर आवेदन पूरा हो सके।
