एजुकेशन

देहरादून-मेरठ में भारी बारिश के चलते कल स्कूल रहेंगे बंद, जानें दिल्ली और नोएडा में चलेंगी क्लास या रहेगा अवकाश

School Closed: उत्तर भारत में विभिन्न शहरों में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन द्वारा स्कूलों में अवकाश की घोषणा की गई है। देहरादून, मेरठ में 1 से 12वीं तक स्कूल बंद रहेंगे। जानें दिल्ली और नोएडा में स्कूल बंद रहेंगे या खुले रहेंगे।

Image

School Closed (Photo - AI)

School Closed: बीते कुछ दिनों से उत्तर भारत के अधिकांश शहरों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ और देहरादून में झमाझम बारिश हो रही है। भारी वर्षा के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद विभिन्न शहरों के जिला प्रशासन ने छात्रों के स्वास्थ्य और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। आइए जानते हैं कि देहरादून और मेरठ समेत किन शहरों में बंद रहेंगे स्कूल और कहां चलेंगी नियमित क्लास।

देहरादून में स्कूल बंद

उत्तराखंड में बीते दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी और जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कल, यानी 10 जुलाई 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी के आदेश में यह पूरी तरह साफ किया गया है कि यह छुट्टी जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय (सरकारी), गैर-शासकीय (अर्ध-सरकारी) और निजी (प्राइवेट) स्कूलों पर समान रूप से लागू होगी।

कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक संचालित होने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 10 जुलाई को अनिवार्य रूप से बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्तर पर सभी स्कूलों और केंद्रों में इस आदेश का पालन सुनिश्चित करवाएं। ऐसे में, सभी अभिभावकों और बच्चों को सलाह दी जाती है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों में ही सुरक्षित रहें और बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें।

देहरादून में मौसम विभाग ने जारी किया 'रेड अलर्ट'

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही, आसमान में तेज बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र गति से बारिश के दौर हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए क्षेत्र में 'रेड अलर्ट' लागू कर दिया गया है। मौसम के इन बिगड़े मिजाज के कारण किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षात्मक तैयारी कर ली है।

क्या दिल्ली-एनसीआर में बंद रहेंगे स्कूल

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 10 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लेकिन स्कूलों की छुट्टी (School holiday) को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इसका अर्थ यह है कि दिल्ली में फिलहाल स्कूल नियमित तौर पर चलेंगे।

मेरठ में स्कूल बंद रहेंगे

मौसम विभाग ने 10 जुलाई यानी शुक्रवार को मेरठ जनपद में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने छात्रों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान रखते हुए शुक्रवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी जारी किया गया है।

गाजियाबाद में बंद रहेंगे स्कूल?

भारी बारिश को देखते हुए गाजियाबाद प्रशासन ने 9 जुलाई को स्कूल में अवकाश की घोषणा की थी। लेकिन 10 जुलाई को स्कूलों बंद को लेकर अभी तक कोई आदेश जारी नहीं किया है। हालांकि मौसम विभाग ने गाजियाबाद में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article