Rajasthan Police Constable Recruitment: राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने परीक्षा की उत्तर कुंजी (आंसर-की) पर ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। उप महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि 13 और 14 सितंबर, 2025 को आयोजित हुई लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्रों की उत्तर कुंजी पहले ही पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://police.rajasthan.gov.in पर अपलोड कर दी गई थी।
कांस्टेबल भर्ती 2025: आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ी
पहले आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 23 सितंबर थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 सितंबर, 2025 को रात 11:59 बजे तक कर दिया गया है। जिन उम्मीदवारों को किसी भी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, वे इस बढ़े हुए समय का उपयोग करके अपनी आपत्ति ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियां जमा करने की अपील की है।
आपत्ति करने के लिए कितना देना होगा शुल्क
जिन उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी में कोई विसंगति मिलती है, वे आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। उम्मीदवारों से प्रति आपत्ति 100 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। बिना दस्तावेजों के उठाई गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद, विभाग आपत्तियों की जांच करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंसर की में संशोधन करेगा। अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परिणाम तैयार किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आपत्ति विंडो 21 सितंबर से 23 सितंबर (रात 11:59 बजे) तक सक्रिय रहेगी।
बता दें कि इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 10,000 पदों को ऑनलाइन भरा जाएगा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड) बिपिन कुमार पांडे ने जानकारी साझा की कि 3,76,902 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन 13 और 14 सितंबर को राज्य भर के 21 जिलों में किया गया था।
