NTA Duplicate Scorecard Rule: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की विभिन्न प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। यह जानकारी स्कोरकार्ड के संबंध में है। इसके अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी का स्कोरकार्ड गुम हो गया है या खराब हो गया है, तो अब उसकी फिजिकल कॉपी डाक या स्पीड पोस्ट के जरिए घर के पते पर नहीं भेजी जाएगी। एनटीए द्वारा जारी की जानकारी के अनुसार, अब डुप्लीकेट स्कोरकार्ड केवल इलेक्ट्रॉनिक रूप से जारी किया जाएगा और यह उम्मीदवार को ईमेल के माध्यम से भेजा जाएगा। आइए आपको इस स्टोरी के माध्यम से संबंधित पूरी जानकारी दें।
NTA ने बदला Duplicate Scorecard का नियम (Photo - AI/Newsroom Verified)
नई व्यवस्था में क्या-क्या बदला है?
| ईमेल पर मिलेगी डिजिटल कॉपी | एनटीए अब डुप्लीकेट स्कोरकार्ड की कोई हार्ड कॉपी जारी नहीं करेगा, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक रूप में तैयार कॉपी सीधे उम्मीदवार के ईमेल पर भेजेगा। |
| 200 रुपये का अतिरिक्त शुल्क खत्म | पहले स्पीड पोस्ट से कॉपी मंगाने पर 200 रुपये (और विदेश में कूरियर पर 500 रुपये) का अतिरिक्त शुल्क लगता था, जिसे अब हटा दिया गया है। |
| रिपोर्ट जमा करने की बाध्यता नहीं | यदि आपने कोई रिपोर्ट दर्ज कराई है तो ही उसे संलग्न करना होगा, यह अनिवार्य नहीं रखा गया है। |
प्रोसेसिंग फीस और आवेदन से जुड़ी जरूरी बातें
जैसा कि आपको बताया गया है कि कोरियर का अतिरिक्त शुल्क 200 रुपये हटा दिया गया है का अर्थ यह नहीं है कि उम्मीदवारों को प्रोसेसिंग फीस नहीं देनी है। बता दें कि डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए उम्मीदवारों को एनटीए द्वारा निर्धारित प्रोसेसिंग फीस का भुगतान करना होगा। जानकारी के अनुसार, रिजल्ट जारी होने के समय के आधार पर यह शुल्क 5 साल तक के लिए 1,500 रुपये, 5 से 10 साल तक के लिए 2,000 रुपये और 10 से 20 साल तक के लिए 2,500 रुपये निर्धारित है। यदि आपको एक से अधिक परीक्षाओं का डुप्लीकेट स्कोरकार्ड चाहिए, तो प्रत्येक परीक्षा के लिए अलग आवेदन करना होगा।
हेल्पलाइन नंबर
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार result@nta.gov.in पर ईमेल कर सकते हैं या 011-40759000 व 1800-180-4747 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP TGT के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ी
आवेदन करने से पहले छात्रों के लिए 2 स्मार्ट टिप्स
उम्मीदवारों को सलाह है कि वह डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन और फीस भुगतान करने से पहले अपना DigiLocker अकाउंट जरूर चेक करें। यदि संबंधित परीक्षा और वर्ष का स्कोरकार्ड वहां पहले से उपलब्ध है, तो आपको अलग से डुप्लीकेट आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके साथ ही
आपको बता दें कि, क्योंकि स्कोरकार्ड ईमेल के जरिए भेजा जाना है, इसलिए आवेदन में अपनी सक्रिय और सही ईमेल आईडी दर्ज करें। साथ ही आवेदन फॉर्म, पहचान पत्र, फोटो, एफिडेविट और अंडरटेकिंग से जुड़े निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करें ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
