Netflix Scholarship: मशहूर ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) का नाम आपने अक्सर मूवी, वेब सीरीज या किसी न किसी शो की चर्चा के दौरान सुना होगा। लेकिन अब यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि यह महत्वाकांक्षी छात्रों के सपनों को पंख भी देने का काम कर रहा है। नेटफ्लिक्स ने कला, सिनेमा, मीडिया, एनीमेशन, और क्रिएटिव फील्ड में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए एक विशेष स्कॉलरशिप प्रोग्राम की शुरुआत की है। जी हां, यह मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म छात्रों को अब स्कॉलरशिप प्रदान करने वाला है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, जो आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा या प्रोफेशनल ट्रेनिंग प्राप्त करने में असमर्थ हैं। इस स्कॉलरशिप के जरिए नेटफ्लिक्स युवा क्रिएटर्स को ग्लोबल प्लेटफॉर्म देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का एक सुनहरा अवसर दे रहा है।
स्कॉलरशिप के तहत छात्रों को मिलेंगे यह मुख्य लाभ
नेटफ्लिक्स स्कॉलरशिप के माध्यम से चयनित उम्मीदवारों को कई केवल आर्थिक सहायता ही नहीं मिलेगी, बल्कि कई अन्य तरह की सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी। जो इस प्रकार है -
| ट्यूशन फीस में मदद | स्कॉलरशिप के लिए चुने गए छात्रों की कॉलेज या संस्थान की ट्यूशन फीस का एक बड़ा हिस्सा या पूरी फीस स्कॉलरशिप फंड द्वारा कवर की जाएगी। |
| मेंटरशिप और वर्कशॉप | वित्तीय सहायता के अलावा छात्रों को फिल्म जगत, स्क्रीप्ट राइटिंग और मीडिया इंडस्ट्री के दिग्गजों से सीखने व मार्गदर्शन प्राप्त करने का मौका मिलता है। |
| इंटर्नशिप का अवसर | योग्य अभ्यर्थियों को नेटफ्लिक्स या उससे जुड़े प्रोजेक्ट्स और प्रोडक्शन हाउस में इंटर्नशिप करने का भी अवसर मिल सकता है। |
कितने छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप
नेटफ्लिक्स द्वारा दी जाने वाली स्कॉलरशिप मुख्य रूप से केवल 100 छात्रों को दी जाएगी। इसके लाभ केवल स्कॉलरशिप की शर्तें पूरी करने वाले 100 छात्रों को मिलेगा।
नेटफ्लिक्स स्कॉलरशिप के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
संबंधित विषय/फील्ड - आवेदक फिल्म मेकिंग, स्क्रीन राइटिंग, एनीमेशन, विजुअल आर्ट्स, मास कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म, या परफॉर्मिंग आर्ट्स जैसे क्रिएटिव क्षेत्रों से जुड़े कोर्स में पढ़ाई कर रहा हो।
शैक्षणिक योग्यता - आवेदक का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड, यूनिवर्सिटी, या फिल्म इंस्टीट्यूट से 12वीं पास या अंडरग्रेजुएट/पोस्टग्रेजुएट स्तर के कोर्स में एनरोल होना अनिवार्य है।
आर्थिक स्थिति - यह स्कॉलरशिप विशेष रूप से उन मेधावी छात्रों को प्राथमिकता देती है जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं और जिन्हें पढ़ाई पूरी करने के लिए वित्तीय मदद की आवश्यकता होती है।
पोर्टफोलियो और क्रिएटिव वर्क - आवेदकों के पास अपने क्रिएटिव काम जैसे शॉर्ट फिल्म, स्क्रिप्ट, एनीमेशन सैंपल, या आर्टवर्क का एक पोर्टफोलियो होना जरूरी है।

Netflix Scholarship
आवेदन प्रक्रिया और चयन का तरीका
बता दें कि इस स्कॉलरशिप के लिए छात्रों को एक एलिजिबिलिटी रिव्यू से गुजरना होगा। जिसमें उनकी एकेडमिक आवश्यकता, स्कॉलरशिप के लिए एलिजिबिलिटी, प्रोग्राम आदि की जानकारी चेक की जाएगी। उसके बाद छात्रों को ऑनलाइन एमसीक्यू टेस्ट के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके आधार पर शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों का कोर्स स्पेसिफिक अस्समेंट के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसे पास करने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
क्या है आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक उम्मीदवारों को बता दें कि आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास पूरे एक महीने का समय है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। आवेदकों को सलाह है कि वह लास्ट डेट का इंतजार न करें और समय रहते प्रक्रिया पूरी करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - क्या है FMGE? एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट के लिए इस दिन से शुरू होंगे आवेदन, इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
कैसे करें नेटफ्लिक्स स्कॉलरशिप के लिए आवेदन
स्टेप 1 - नेटफ्लिक्स स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने के लिए आईआईसीटी नेटफ्लिक्स की आधिकारिक वेबसाइट netflixscholars.iict.org पर जाएं।
स्टेप 2 - होमपेज पर दिए गए 'APPLY' के बटन पर क्लिक करें।
स्टेप 3 - अब 'Start a New Application' के लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 4 - अब इसमें मांगी गई आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अपलोड करें।
स्टेप 5 - आवेदन फॉर्म को सबमिट करें और इसका प्रिंट आउट लें।
छात्रों के लिए आवश्यक सलाह
क्रिएटिव फील्ड में अपनी पहचान बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह स्कॉलरशिप एक बेहतरीन अवसर है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अंतिम तिथि से पहले आवेदन पूरा करें। इस दौरान अपना पोर्टफोलियो मजबूत तैयार करें।
