एजुकेशन

NEET UG Counselling 2026: कब शुरू होगी नीट यूजी काउंसलिंग 2026, किन दस्तावेजों की होगी जरूरत? यहां जानें पूरी डिटेल

NEET UG Counselling 2026: नीट यूजी रिजल्ट की घोषणा के बाद से छात्र काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच छात्रों को सलाह है कि वह अपने डॉक्यूमेंट्स तैयार कर लें ताकि उन्हें अंतिम समय में परेशानी का सामना न करना पड़े।

Image

NEET UG Counselling 2026 (Photo - AI)

NEET UG Counselling 2026: एनटीए द्वारा गुरुवार रात 10.25 बजे नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG) परीक्षा के नतीजे जारी किए गए थे। नीट यूजी परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा के बाद, अब देश भर के लाखों मेडिकल उम्मीदवारों को काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) द्वारा अखिल भारतीय कोटा (AIQ) की 15% सीटों के लिए और संबंधित राज्य प्राधिकरणों द्वारा 85% राज्य कोटा सीटों के लिए काउंसलिंग जल्द से जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि आप भी इस साल मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने जा रहे हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि काउंसलिंग कब से शुरू हो सकती है और आपको कौन-कौन से जरूरी डॉक्यूमेंट्स तैयार रखने होंगे।

कब शुरू होगी NEET UG काउंसलिंग 2026?

विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नीट यूजी 2026 के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जुलाई 2026 के आखिरी हफ्ते या अगस्त 2026 के पहले हफ्ते से शुरू होने की पूरी संभावना है। इस संबंध में MCC जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर राउंड-1, राउंड-2, मॉप-अप राउंड और स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा। काउंसलिंग प्रक्रिया का आयोजन पूरी तरह से ऑनलाइन मोड में किया जाएगा, जिसमें छात्रों को रजिस्ट्रेशन करने के बाद अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन (Choice Filling) करना होगा और उसके बाद सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

काउंसलिंग के लिए किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?

काउंसलिंग के दौरान सीट अलॉटमेंट के बाद जब आपको कॉलेज में एडमिशन के लिए रिपोर्टिंग करनी होगी, उस समय आपको ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स और उनकी फोटोकॉपी की जरूरत होगी। किसी भी एक दस्तावेज की कमी के कारण आपका एडमिशन रद्द हो सकता है। इससे बचने के लिए छात्रों को सलाह है कि वह पहले ही आवश्यक सभी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि उन्हें किसी बात की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

1. नीट यूजी 2026 एडमिट कार्ड

2. नीट यूजी 2026 स्कोरकार्ड या रैंक लेटर

3. क्लास 10वीं की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट (जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में)

4. क्लास 12वीं की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट

5. प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर (काउंसलिंग पोर्टल से सीट मिलने के बाद डाउनलोड कर पाएंगे)

6. वैलिड फोटो आईडी कार्ड (पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, या अन्य सरकारी आईडी)

7. पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ (नीट फॉर्म के लिए इस्तेमाल की गई कम से कम 8-10 पासपोर्ट साइज फोटो)

8. जाति प्रमाण पत्र

9. दिव्यांगता प्रमाण पत्र

10. डोमिसाइल/निवास प्रमाण पत्र

11. ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC)

12. माइग्रेशन सर्टिफिकेट

उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

नीट यूजी परीक्षा को पास करने वाले उम्मीदवार जो अब काउंसलिंग प्रक्रिया के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं उन्हें सलाह है कि वह लगातार आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहे। इसके अलावा एमसीसी की ऑफिशियल वेबसाइट mcc.nic.in पर भी नजर बनाए रखें। काउंसलिंग की तैयारी के दौरान जाति प्रमाण पत्र की वैलिडिटी जरूर चेक करें,ताकि उन्हें परेशानी न हो। साथ ही सभी डॉक्यूमेंट्स पर माता-पिता का नाम, अपना नाम और अन्य जानकारी में स्पेलिंग को जरूर चेक करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article