एजुकेशन

NTA की कड़ी चेतावनी, जांच के लिए नकली या AI से बनी OMR शीट दी तो होगी कानूनी कार्रवाई

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा शिकायतों की जांच के लिए सबमिट की जा रही ओएमआर शीट में बड़े हेरफेर की खबर सामने आई है। इसमें कई ओएमआर शीट फेक और एआई से बनी हुई है, जिस पर एनटीए ने सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

Image

नकली या AI से बनी OMR शीट पर NTA ने दी चेतावनी (Photo- AI)

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) इन दिनों परीक्षाओं से जुड़ी सभी शिकायतों पर बहुत ही बारीकी से नजर रख रहा है और उनकी गहनता से जांच कर रहा है। इसी बीच एनटीए की जांच में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच के लिए जमा की गई कई OMR शीट के नकली (Fake) या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा तैयार किए जाने की बात सामने आई है। इस गंभीर मामले को देखते हुए एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों के लिए एक बेहद जरूरी एडवाइजरी जारी की है।

जांच के लिए केवल असली OMR ही करें जमा

एनटीए ने साफ तौर पर कहा है कि यदि किसी भी छात्र या अभिभावक को परीक्षा प्रणाली या अंकों से जुड़ी कोई शिकायत है, तो वे जांच के लिए केवल अपनी असली OMR शीट ही जमा करें। किसी भी भ्रम या बहकावे में आकर किसी बाहरी स्रोत से तैयार की गई ओएमआर शीट को सबूत के तौर पर पेश न करें। एनटीए के पास असली ओएमआर शीट की पहचान करने के लिए पुख्ता तकनीकी इंतजाम हैं, जिससे असली और नकली का अंतर तुरंत साफ हो जाता है।

फर्जीवाड़ा करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

एजेंसी ने फर्जी एआई वाली ओएमआर शीट जमा करने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जांच के दौरान किसी भी शिकायतकर्ता की ओएमआर शीट नकली, एडिटेड या एआई (AI) द्वारा बनाई हुई पाई जाती है, तो उस मामले को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे किसी भी फर्जीवाड़े के मामले में शिकायत करने वाले व्यक्ति के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों और अभिभावकों को सलाह

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बताया कि परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर एक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर रहा है। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह के शॉर्टकट या गलत तरीकों का सहारा न लें। झूठे दावों और तकनीकी रूप से छेड़छाड़ की गई ओएमआर शीट के कारण न सिर्फ छात्र का भविष्य और करियर दांव पर लग सकता है, बल्कि कानूनी पचड़ों में भी फंसना पड़ सकता है। इसलिए न्यायसंगत और सही तरीके से ही अपनी बात एजेंसी के सामने रखें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article