NCERT CEE 2026: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने देश भर के प्रतिष्ठित क्षेत्रीय शिक्षा संस्थानों यानी RIE में प्रवेश के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) 2026 के रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं। जो छात्र शिक्षण के क्षेत्र में अपना शानदार करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर है। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न प्रकार के टीचर ट्रेनिंग कोर्सेज जैसे कि बीएससी बीएड, बीए बीएड, एमएससीएड, बीएड और एमएड में दाखिला दिया जाता है। इस परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे छात्र आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तारीखें और आवेदन प्रक्रिया
NCERT CEE 2026 के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन की खिड़की 5 जून 2026 तक खुली रहेगी। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय पर अपना फॉर्म भर लें। ऑनलाइन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने जरूरी दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन माध्यम (नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड या यूपीआई) से किया जाएगा। नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
कैसे करें आवेदन
1. इस परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार cee.ncert.gov.in पर जाएं।
2. होमपेज पर दिए गए RIE 2026 लिंक पर क्लिक करें।
3. अब मोबाइल नंबर और ईमेल से खुद को रजिस्टर करें।
4. आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
5. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
क्या है इसकी एलिजिबिलिटी?
इंटीग्रेटेड कोर्सेज (जैसे B.Sc. B.Ed. / B.A. B.Ed.): इन कोर्सेज में दाखिले के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 45 से 50% अंकों से पास होना अनिवार्य है। बीएड (B.Ed.) और एमएड (M.Ed.): बीएड कोर्स के लिए उम्मीदवारों के पास ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन में कम से कम 50% अंक होने चाहिए। वहीं एमएड में प्रवेश के लिए बीएड या बीए बीएड/बीएससी बीएड की डिग्री होना आवश्यक है।
परीक्षा का पैटर्न और काउंसलिंग प्रक्रिया
NCERT CEE परीक्षा में मुख्य रूप से तीन क्षेत्रों से सवाल पूछे जाते हैं - भाषा दक्षता, शिक्षण अभिरुचि , और तार्किक क्षमता। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न होते हैं। एंट्रेंस टेस्ट में सफल होने वाले उम्मीदवारों को उनकी रैंक और पसंद के आधार पर देश के विभिन्न आरआईई (जैसे RIE अजमेर, भोपाल, भुवनेश्वर, मैसूर और शिलोंग) में काउंसलिंग के जरिए सीटें आवंटित की जाएंगी। यह संस्थान शिक्षकों को वैश्विक स्तर का प्रशिक्षण देने के लिए पूरे भारत में प्रसिद्ध हैं।
