MP Teacher Bharti Protest: मध्य प्रदेश शिक्षक भर्ती-2025 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनशन जारी है।आंदोलनकारियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती वर्ग 2 में 25000 और शिक्षक भर्ती वर्ग 3 में 3000 पद बढ़ाए जाएं। उनका कहना है कि जब तक सरकार इस संबंध में आदेश जारी नहीं करती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इसी बीच बड़ी खबर सामने आ रही है कि नीलम पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे नरेंद्र राजपूत की तबीयत देर रात अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि नरेंद्र चार दिन से खाना त्यागकर अनशन पर बैठे हैं और अस्पताल जाने से इनकार कर दिया है।
भोपाल में शिक्षक अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
बता दें कि 21 अगस्त को प्रदेशभर के अभ्यर्थी भोपाल पहुंचे थे, जहां उन्होंने लोक शिक्षण संचालनालय के सामने प्रदर्शन और ज्ञापन देने के बाद नीलम पार्क पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। अभ्यर्थियों ने शिक्षक भर्ती में अलग-अलग वर्गों के लिए पदों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी है। बीते चार दिन से यह प्रदर्शन जारी है और आज इसका पांचवां दिन है। नरेंद्र राजपूत नीलम पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
चार दिन से अनशन पर
पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे नरेंद्र राजपूत (की सोमवार रात करीब 3 बजे तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने नरेंद्र को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। उन्हें चक्कर आने और कमजोरी की शिकायत हुई। नरेंद्र ने कहा- जब तक शिक्षक भर्ती को लेकर सरकार कोई कोई बड़ा फैसला नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
दिल्ली और झारखंड के अब मध्य प्रदेश
कुछ समय पहले परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक जैसी घटनाओं के विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन हुआ था। इसके बाद झारखंड की राजधानी रांची में जयपाल सिंंह मुंडा स्टेडियम में परीक्षार्थी धरने पर बैठे थे। यहां झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं में धांधली के आरोप लगे थे। दोनों ही प्रदर्शन को नेशनल मीडिया में जगह मिली।
