देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी खड़गपुर (IIT Kharagpur) ने अपने प्लेटिनम जुबली समारोह के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में दो ऐतिहासिक और क्रांतिकारी पहलों की शुरुआत की है। जी हां, संस्थान द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक AI-पावर्ड लर्निंग असिस्टेंट (NDLI-FERMI AI Tutor) और GATE व IIT-JAM परीक्षाओं का एक फ्री ऑनलाइन तैयारी प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। कोलकाता के राजारहाट स्थित आईआईटी खड़गपुर रिसर्च पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने इन दोनों सेवाओं का उद्घाटन किया। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत, विशेषकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को बिना महंगी कोचिंग पर निर्भर रहे, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और व्यक्तिगत शैक्षणिक सहायता पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराना है।
IIT Kharagpur ने लॉन्च किया AI लर्निंग ट्यूटर GATE-JAM फ्री प्लेटफॉर्म (Photo - AI)
NDLI-FERMI AI ट्यूटर की मुख्य विशेषताएं
गाइडेड-लर्निंग अप्रोच - आम एआई टूल्स की तरह यह केवल सीधे उत्तर देने के बजाय छात्रों को हिंट्स, प्रासंगिक संदर्भों और प्रश्नों के माध्यम से सोचने पर मजबूर करता है, जिससे छात्र स्वयं समस्याओं को हल करना सीखते हैं।
'स्कैन एंड आस्क' फीचर - छात्र फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स और बायोलॉजी (PCMB) के कठिन सवालों को स्कैन या सबमिट करके अपनी गलतियों को पहचान सकते हैं और मूल अवधारणाओं (Concepts) को मजबूत कर सकते हैं।
NDLI से एकीकरण - नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया (NDLI) के साथ एकीकृत यह एआई ट्यूटर रजिस्टर्ड यूजर्स को व्यक्तिगत अध्ययन में मदद करेगा। बता दें कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रायोजित NDLI पोर्टल पर वर्तमान में 13 करोड़ से अधिक लर्निंग रिसोर्स उपलब्ध हैं और यह 1 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं की सेवा कर रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - RRB NTPC UG Level Recruitment 2026: 10+2 पास युवाओं के लिए रेलवे में 1688 पदों की भर्ती, आज से ऑनलाइन आवेदन शुरू, देखें पूरा प्रोसेस
GATE और JAM उम्मीदवारों के लिए मुफ्त तैयारी प्लेटफॉर्म
महंगी कोचिंग से मुक्ति - इस प्लेटफार्म का उद्देश्य इंजीनियरिंग (GATE) और मास्टर्स (JAM) की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों की कमर्शियल कोचिंग सेंटरों पर निर्भरता को खत्म करना है।
संस्थान की विशेषज्ञता का लाभ - छात्र आईआईटी खड़गपुर के अनुभवी प्रोफेसरों और उनके डिजिटल स्टडी मटेरियल के माध्यम से अपनी व्यवस्थित तैयारी कर सकेंगे।
समान अवसर - देश के किसी भी कोने में रहने वाला छात्र अपनी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना अब राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी मुफ्त में कर सकेगा।
शिक्षा में AI का जिम्मेदार इस्तेमाल और NEP 2020
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि एआई तकनीक का उद्देश्य छात्रों की स्वतंत्र और क्रिटिकल थिंकिंग को बढ़ावा देना होना चाहिए, न कि उनकी सोचने की प्रक्रिया को खत्म करना।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के उस विजन के बिल्कुल अनुरूप है, जो शिक्षा के सार्वभौमिकरण, डिजिटल समावेशन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संसाधनों तक हर छात्र की पहुंच की वकालत करती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Kashmir School Timing Changes: घाटी में ठंड की दस्तक, कश्मीर में स्कूलों का बदला समय, 15 अक्टूबर से लागू हुआ नया शेड्यूल
छात्र इन सुविधाओं का लाभ कैसे उठाएं?
NDLI-FERMI AI ट्यूटर के लिए छात्र एनडीएलआई की आधिकारिक वेबसाइट (ndl.gov.in) या मोबाइल ऐप पर जाकर मुफ्त रजिस्ट्रेशन कर एआई ट्यूटर सेवा का उपयोग कर सकते हैं। वहीं GATE/JAM प्लेटफॉर्म के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रजिस्ट्रेशन, एक्सेस डिटेल्स और स्टडी मटेरियल से जुड़े अपडेट्स के लिए नियमित रूप से iitkgp.ac.in पर नजर रखें।
