IIT से पोस्ट ग्रेजुएशन करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत की खबर है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) खड़गपुर ने Joint Admission Test for Masters यानी JAM 2027 के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे अब 19 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन JAM Online Application Processing System यानी JOAPS के जरिए करना होगा।
IIT JAM 2027: आवेदन की डेडलाइन बढ़ी, 14 फरवरी को होगी परीक्षा
JAM 2027 की परीक्षा 14 फरवरी 2027 को कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। इस बार IIT खड़गपुर परीक्षा का आयोजन कर रहा है। JAM स्कोर के जरिए IIT समेत अन्य भाग लेने वाले संस्थानों के पोस्ट ग्रेजुएशन प्रोग्राम में एडमिशन का मौका मिलेगा।
किन कोर्स में मिलेगा एडमिशन
JAM 2027 के माध्यम से निम्नलिखित कोर्सेज में एडमिशन लेने का मौका होगा
- MSc
- MSc-PhD
- MSc-MTech
- Joint MSc-PhD
- PhD Dual Degree
- Integrated PhD इत्यादि।
बता दें, 2027-28 के शैक्षणिक सत्र के लिए देश के सभी 23 IIT में 89 पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम के लिए JAM स्कोर का इस्तेमाल किया जाएगा।
JAM 2027 Exam के बारे में
परीक्षा दो शिफ्टों में होगी और इसमें कुल सात टेस्ट पेपर होंगे। उम्मीदवार अधिकतम दो टेस्ट पेपर के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रश्नपत्र में MCQ, MSQ और NAT तरह के सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा देश के करीब 114 शहरों में आयोजित की जाएगी। इस बार विदेश में कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
आवेदन फीस कितनी है?
General और OBC उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए 2,000 रुपये और दो पेपर के लिए 2,700 रुपये फीस देनी होगी। महिला, SC, ST और PwD उम्मीदवारों के लिए एक पेपर की फीस 1,000 रुपये और दो पेपर की फीस 1,350 रुपये है।
कौन कर सकता है आवेदन
जिन उम्मीदवारों ने ग्रेजुएशन पूरा कर लिया है या 2027 में अपनी अंतिम वर्ष की ग्रेजुएशन परीक्षा देने वाले हैं, वे JAM 2027 के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि एडमिशन के लिए संबंधित संस्थान की योग्यता शर्तें पूरी करना जरूरी होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है और प्रयासों की संख्या पर भी कोई रोक नहीं है।
आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, आवेदन के बाद 10 नवंबर से डेटा करेक्शन की सुविधा मिलेगी। JAM 2027 का रिजल्ट 18 मार्च 2027 को जारी किया जाना प्रस्तावित है।
