IIIT Allahabad record placement: प्रयागराज के एक संस्थान ने प्लेसमेंट को लेकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। यह संस्थान है IIIT इलाहाबाद। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के बीटेक 2026 बैच के प्लेसमेंट में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। आईआईआईटी इलाहाबाद के इतिहास में पहली बार संस्थान के चार छात्रों को कुल 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। यहां बीटेक के 480 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 462 का सफलतापूर्वक चयन हुआ। इस तरह बीटेक का कुल प्लेसमेंट प्रतिशत 96.25 रहा है।
IIIT Allahabad के 4 छात्रों को 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज
मिली जानकारी के अनुसार, IIIT इलाहाबाद में बीटेक 2026 बैच के प्लेसमेंट में 46 प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिले। इसके अलावा छह महीने की आन-साइट इंडस्ट्री इंटर्नशिप से जुड़े 119 फुल टाइम एम्प्लॉयमेंट आफर और 97 विशिष्ट फुल टाइम एम्प्लायमेंट ऑफर प्राप्त हुए। चयनित बीटेक छात्रों का औसत वार्षिक कॉस्ट टू कंपनी करीब 32.50 लाख रुपये रहा, जबकि मेडियन एमएम 26 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा।
IIIT Allahabad Placement
संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुटावने के अनुसार, एमटेक 2025 बैच का प्लेसमेंट प्रदर्शन भी काफी बेहतर रहा है। जानकारी के मुताबिक कुल 145 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 112 का चयन हुआ और प्लेसमेंट दर 77.24 प्रतिशत रही।
आईटी स्ट्रीम की बात करें तो इसमें 97.6 प्रतिशत प्लेसमेंट दर्ज हुआ और औसत पैकेज करीब 28 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग स्ट्रीम में 94.4 प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ है और औसत पैकेज करीब 26 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा है।
IIIT Allahabad में कैसे मिलता है एडमिशन
IIIT इलाहाबाद (भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद) में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं और केंद्रीय काउंसलिंग के माध्यम से दिया जाता है। छात्रों को पहले JEE Main परीक्षा पास करनी होती है। इसके बाद JoSAA काउंसलिंग (संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण) या CSAB विशेष राउंड के जरिए सीट मिलती है। कक्षा 12वीं (या समकक्ष) में सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 75% अंक (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 65%) या संबंधित बोर्ड के टॉप 20 परसेंटाइल में होना अनिवार्य है।
