एजुकेशन

केरलम पुलिस ने बचाया NEET PG अभ्यर्थी का साल, एग्जाम सेंटर पर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भूल गए थे डॉक्टर, खाकी ने ऐसे की मदद

NEET PG की परीक्षा देने चेंगन्नूर स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे एक डॉ अपना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भूल गए थे। पुलिसकर्मियों से उन्होंने मदद मांगी तो केरलम पुलिस कड़ी मशक्कत के बाद लास्ट मिनट में उनका रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट उपलब्ध कराते हुए उनका साल बचाया।

Image

केरलम पुलिस ने बचाया NEET PG अभ्यर्थी का साल (Photo -AI)

NEET PG 2026: केरलम पुलिस ने रविवार को चेंगन्नूर स्थित एक परीक्षा केंद्र पर पंजीकरण प्रमाण-पत्र (Registration Certificate) की कॉपी लाना भूले नीट पीजी 2026 परीक्षा के एक अभ्यर्थी की मदद की। पुलिस ने परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले उसे वह जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराया। चेंगन्नूर थाने के अधिकारियों के अनुसार, कायमकुलम के पास कृष्णापुरी निवासी डॉ. अनस सुबह नौ बजे होने वाली NEET PG परीक्षा में शामिल होने के लिए चेंगन्नूर के प्रोविडेंस कॉलेज पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले अनस को पता चला कि वह रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की कॉपी लाना भूल गए हैं। परीक्षा कक्ष में प्रवेश के लिए यह दस्तावेज बेहद जरूरी है। बिना उसके परीक्षा देना तो दूर सेंटर में एंट्री भी नहीं मिल सकती है।

केरलम पुलिस की लास्ट मिनट मदद से परीक्षा में हुए शामिल डॉ. अनस

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के अनुसार, डॉ. अनस का घक परीक्षा केंद्र से काफी दूर था, इसलिए अनस ने कॉलेज में तैनात पुलिसकर्मियों से मदद मांगी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने प्रति निकलवाने के लिए खुली दुकानों की तलाश की, लेकिन रविवार होने के कारण सभी दुकानें बंद मिली। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने अनस से दस्तावेज की 'सॉफ्ट कॉपी' व्हाट्सएप के जरिए उनमें से एक अधिकारी को भेजने को कहा और उसे चेंगन्नूर पुलिस थाने भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि थाने में दस्तावेज का प्रिंटआउट निकालकर तुरंत परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया।

परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले मिला सर्टिफिकेट

पुलिस ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की कॉपी परीक्षा केंद्र पहुंचा दी गई। दस्तावेज मिलने के बाद अनस परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर सके और परीक्षा दे पाए। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा पूरी करने के बाद अनस ने समय पर मदद करने के लिए पुलिसकर्मियों का आभार जताया और केंद्र से चले गए।

इनपुट - भाषा

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article