Interview Question: जॉब इंटरव्यू के दौरान सबसे अक्सर पूछा जाने वाला एक महत्वपूर्ण सवाल है— "What do you know about our company?" या "आप हमारी कंपनी के बारे में क्या जानते हैं?"। अक्सर देखा गया है कि उम्मीदवार इस सवाल का साधारण या सतही यानी ऊपर-ऊपर की जानकारी के साथ जवाब देकर आगे बढ़ जाते हैं, जबकि असल में इंटरव्यूअर इस सवाल के जरिए आपकी रिसर्च, गंभीरता और कंपनी के प्रति आपकी रुचि को परखना चाहता है। अगर आप भी इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं और इस सवाल को लेकर थोड़ा असमंजस में हैं, तो परेशान न होएं। आज इस लेख के माध्यम से हम आपको इंटरव्यू के इस महत्वपूर्ण सवाल के जवाब कैसे तैयार करें और इसके लिए स्ट्रैटेजी का इस्तेमाल किया जा सकता है आदि के बारे में विस्तार से बताएंगे।
What Do You Know About Our Company (Photo - AI/Newsroom Verified)
इंटरव्यूअर यह सवाल क्यों पूछता है?
What Do You Know About Our Company? सवाल का जवाब कैसे देने है, इस बारे में जानने से पहले यह जानना जरूरी है कि इस सवाल के पीछे एचआर या इंटरव्यूअर का मुख्य उद्देश्य क्या है, वह आपके आंसर से क्या जानना चाहते हैं। एक बार आपने इंटरव्यूअर की मंशा जान ली तो जवाब की तैयारी करना आपके लिए आसान हो जाएगा। तो बता दें कि इंटरव्यूअर इस सवाल के माध्यम से तीन चीजें जानना चाहता है, जो इस प्रकार है -
1. क्या आपने केवल अप्लाई किया है, या आप सचमुच इस कंपनी में काम करने के इच्छुक हैं?
2. क्या आपने इंटरव्यू में आने से पहले कंपनी के बारे में पर्याप्त रिसर्च की है?
3. क्या आपके व्यक्तिगत मूल्य और करियर गोल कंपनी के कल्चर और मिशन से मेल खाते हैं?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में Where do you see yourself in 5 years सवाल का जवाब कैसे दें? सही आंसर से बढ़ेगी सिलेक्शन की संभावना
जवाब तैयार करने की 4-स्टेप स्ट्रैटेजी
किसी भी सवाल का जवाब जब आप एक स्ट्रैटेजी के माध्यम से देते हैं तो उसके सटीक और सही होने की संभावना बढ़ जाती है। जब आप किसी कंपनी के बारे में जानकारी जुटाएं और जवाब तैयार कर रहे हैं, तो इन चार बिंदुओं को ध्यान में रखें:
1. कंपनी का मुख्य बिजनेस और प्रोडक्ट्स/सर्विसेज - कंपनी असल में क्या काम करती है, उसके मुख्य प्रोडक्ट्स क्या हैं और उसके टारगेट कस्टमर कौन हैं?
2. हालिया उपलब्धियां या समाचार - क्या कंपनी ने हाल ही में कोई नया प्रोडक्ट लॉन्च किया है, कोई बड़ा अवॉर्ड जीता है, या किसी नए मार्केट में कदम रखा है?
3. कंपनी का वर्क कल्चर और वैल्यू - कंपनी के मिशन स्टेटमेंट और वैल्यूज क्या हैं?
4. आपका पर्सनल कनेक्शन - आप कंपनी के इस विजन या ग्रोथ का हिस्सा बनने के लिए कितने उत्सुक हैं और आपकी स्किल्स कंपनी के कैसे काम आ सकती हैं।
प्रभावशाली जवाब के सैंपल एग्जांपल्स
उदाहरण 1: फ्रेशर्स के लिए
"मैंने आपकी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए जाना कि [कंपनी का नाम] एड-टेक (या आईटी/फाइनेंस) सेक्टर में एक बड़ा ब्रांड है। आपकी कंपनी का मुख्य फोकस छात्रों/ग्राहकों को इनोवेटिव और आसान डिजिटल सॉल्यूशंस प्रदान करना है। हाल ही में आपने जो [नए प्रोजेक्ट/ऐप/प्रोडक्ट] की शुरुआत की है, जो वास्तव में बहुत प्रभावशाली है। एक फ्रेशर के रूप में, मैं एक ऐसे डायनामिक और ग्रोथ-ओरिएंटेड माहौल में काम करने के लिए बहुत उत्सुक हूं जहां मुझे सीखने और कंपनी में योगदान देने के बेहतरीन मौके मिलें।"
उदाहरण 2: एक्सपीरियंस प्रोफेशनल्स के लिए
"मैं पिछले कुछ वर्षों से [कंपनी का नाम] की ग्रोथ को फॉलो कर रहा हूं। इंडस्ट्री में आपका [विशिष्ट क्षेत्र, जैसे- एआई इंटीग्रेशन या कस्टमर सर्विस] को लेकर दृष्टिकोण बेहद अनूठा है। हाल ही में आपकी कंपनी ने [हालिया माइलस्टोन या अवॉर्ड] हासिल किया है। यह अवॉर्ड आपकी मार्केट लीडरशिप को दर्शाता है। मेरे पास [आपके काम का क्षेत्र, जैसे- मार्केटिंग/सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट] में जो अनुभव है, उसके साथ मुझे विश्वास है कि मैं आपके आगामी प्रोजेक्ट्स में वैल्यू एडिशन कर सकता हूं और कंपनी के मिशन को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता हूं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में 'Can You Work Under Pressure' सवाल का जवाब कैसे दें? सही आंसर से बढ़ेगी सिलेक्शन की संभावना
क्या करने से बचें?
आपके लिए जिस प्रकार यह जानना जरूरी है कि क्या कहना है, उसी प्रकार यह भी जानना जरूरी है कि इस सवाल के जवाब में क्या नहीं कहना है। केवल विकिपीडिया की लाइनें न रटें। कंपनी की स्थापना किस वर्ष हुई या मुख्यालय कहां है, यह केवल रटकर सुना देना इंटरव्यूअर पर एक अच्छा प्रभाव नहीं डालता। एक अस्पष्ट जवाब जैसे आपकी कंपनी बहुत अच्छी है और बड़ी है" जैसी बातें कहने से बचें। ठोस फैक्ट्स और उदाहरणों का उपयोग करें। अगर किसी फैक्ट या न्यूज को लेकर संशय हो, तो अंदाज से बोलने के बजाय केवल वही कहें जिसके बारे में आप पूरी तरह से आश्वस्त हों।
इंटरव्यू से पहले रिसर्च कहाँ से करें?
आप कंपनी के बारे में कितना जानते हैं, इस सवाल का जवाब बेहतर तौर पर तैयार करने के लिए कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर 'About Us' और 'Careers' पेज जरूर पढ़ें। इसके साथ ही कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट जरूर चेक करें। कंपनी का LinkedIn, Twitter या Instagram पेज देखकर उनके हालिया इवेंट्स और कल्चर के बारे में जान पाएंगे। Google News पर कंपनी का नाम सर्च करके हालिया खबरों की जानकारी रखें।
