एजुकेशन

DU PhD Admission 2026: चार वर्षीय UG करने वाले छात्रों के लिए पीएचडी का रास्ता खुला, 6 सितंबर तक आवेदन

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीयू से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUGP) पूरा करने वाले छात्रों को दिया जा रहा है।

Image

DU PhD Admission 2026

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। खास बात यह है कि यह मौका विश्वविद्यालय और उसके कॉलेजों से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUGP) पूरा करने वाले छात्रों को दिया जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार 27 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा करने वाले योग्य छात्र DU के पीएचडी एडमिशन पोर्टल pgportal.uod.ac.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की आखिरी तारीख 6 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम दिन का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

4 साल की ग्रेजुएशन के बाद सीधे PhD का मौका

DU ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक बार की विशेष छूट के तहत FYUGP पूरा करने वाले छात्रों को सीधे पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्र माना है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ग्रेजुएशन में न्यूनतम 7.5 CGPA होना जरूरी है। वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और दिव्यांग (PwD) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 7 CGPA की शर्त रखी गई है।

DU ने क्यों शुरू किया था चार वर्षीय UG प्रोग्राम?

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप 2022-23 सत्र से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम शुरू किया था। इसका उद्देश्य छात्रों को केवल पारंपरिक ग्रेजुएशन तक सीमित रखने के बजाय रिसर्च, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप जैसे क्षेत्रों के लिए भी तैयार करना था।

2022-23 में इस कार्यक्रम में 75,948 छात्रों ने दाखिला लिया था। इनमें से 40,005 विद्यार्थियों ने तीसरे वर्ष के बाद पढ़ाई पूरी कर ली, जबकि करीब 35,943 छात्रों ने चौथे वर्ष में जाने का विकल्प चुना था।

35,943 FYUP छात्रों से मिले 12 हजार से ज्यादा आवेदन

DU के अनुसार, 2026-27 सत्र में एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रमों के लिए FYUP के करीब 35,943 छात्रों से कुल 12,111 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय PG Curriculum Framework (PGCF) के तहत 46 एक वर्षीय पीजी प्रोग्राम संचालित कर रहा है, जिनमें कुल 5,857 सीटें उपलब्ध हैं।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article