एजुकेशन

Gargi College में कैसे मिलता है एडमिशन, जानें कोर्स, फीस, सीटें और प्लेसमेंट की पूरी प्रक्रिया

Gargi College Admission: डीयू के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल गार्गी कॉलेज में प्रवेश के लिए हर साल लाखों छात्राएं आवेदन करती हैं। आइए जानते हैं कि यहां एडमिशन की प्रक्रिया क्या है और 12वीं में कितने अंक चाहिए हैं।

Image

Gargi College में कैसे मिलता है एडमिशन (Photo - AI)

Gargi College Admission: दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस में स्थित गार्गी कॉलेज (Gargi College) छात्राओं के लिए देश के सबसे प्रतिष्ठित और पसंदीदा कॉलेजों में से एक है। हर साल डीयू के इस प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश के लिए लाखों छात्राएं आवेदन करती हैं। कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों ही क्षेत्रों में यह कॉलेज अपनी उत्कृष्ट शिक्षा और शानदार माहौल के लिए जाना जाता है। यदि आप भी इस कॉलेज का हिस्सा बनना चाहती हैं, तो आपके लिए पहले यह जानना जरूरी है कि यहां एडमिशन कैसे मिलता है। यहां कौन-कौन से कोर्स उपलब्ध हैं, यूजी की कितनी सीटें है और प्लेसमेंट के कितने अवसर हैं। एडमिशन से पहले छोटी-बड़ी सारी जानकारी होना उम्मीदवार के लिए बेहद जरूरी है।

गार्गी कॉलेज का इतिहास

डीयू के गार्गी कॉलेज की स्थापना साल 1967 में हुई थी। इस कॉलेज का नाम प्राचीन भारत की महान विदुषी और दार्शनिक 'गार्गी' के नाम पर रखा गया है। शुरुआत में बेहद छोटे स्तर पर शुरू हुए इस महिला कॉलेज ने समय के साथ अपनी एक खास पहचान बनाई। आज यह दिल्ली यूनिवर्सिटी के शीर्ष कॉलेजों में से एक है। इतना ही नहीं इसे राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा 'A+' ग्रेड दिया गया है।

गार्गी कॉलेज में एडमिशन कैसे मिलता है?

गार्गी कॉलेज में एडमिशन की पुरानी कट-ऑफ प्रणाली खत्म हो चुकी है। पुरानी कट-ऑफ प्रणाली से यहां हमारा अर्थ उस प्रक्रिया से, जिसमें कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर एडमिशन दिया जाता था। अब डीयू के अन्य सभी कॉलेज की तरह गार्गी में एडमिशन के लिए सीयूईटी यूजी परीक्षा सीयूईटी पीजी परीक्षा में शामिल होना जरूरी है। इस अंकों के आधार पर ही प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होती है।

गार्गी कॉलेज में एडमिशन के लिए 12वीं में कितने अंक चाहिए

चूंकि अब एडमिशन पूरी तरह से सीयूईटी (CUET) स्कोर के आधार पर होता है, इसलिए 12वीं के अंकों की कोई न्यूनतम 'कट-ऑफ' नहीं बनती। हालांकि, आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा में उत्तीर्ण (Pass) होना अनिवार्य है और उनके कम से कम 50 से 55 प्रतिशत अंक भी होने चाहिए।

गार्गी में एडमिशन के लिए सीयूईटी रैंक

गार्गी कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी के टॉप कॉलेजों में शामिल है और क्योंकि यह एक वुमेन कॉलेज हैं, तो ऐसी स्थिति में यह छात्राओं की पहली प्राथमिकता होता है। इसलिए यहां कॉम्पिटिशन काफी ज्यादा रहता है। यदि आप बीए ऑनर्स या बीकॉम ऑनर्स जैसे लोकप्रिय कोर्सेज में दाखिला चाहती हैं, तो सीयूईटी में आपका स्कोर 95 से 98 परसेंटाइल के आसपास होना चाहिए। अन्य प्रोग्राम कोर्सेज के लिए भी स्कोर काफी अच्छा होना जरूरी है। कोर्स के अनुसार, यहां कट-ऑफ निकाली जाती है।

गार्गी कॉलेज में कौन-कौन से कोर्स हैं?

गार्गी कॉलेज छात्राओं को कई तरह के रेगुलर और ऑनर्स कोर्सेज ऑफर करता है। मुख्य कोर्सेज निम्नलिखित हैं:

आर्ट्स- बीए प्रोग्राम, बीए ऑनर्स (अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, संस्कृत)

कॉमर्स- बीकॉम (प्रोग्राम) और बीकॉम (ऑनर्स)

साइंस- बीएससी ऑनर्स (बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स, जूलॉजी, मैथमेटिक्स, माइक्रोबायोलॉजी) और बीएससी लाइफ साइंसेज/फिजिकल साइंसेज।

प्रोफेशनल कोर्स: बैचलर ऑफ एलीमेंट्री एजुकेशन

गार्गी में यूजी कोर्स की फीस कितनी है?

बता दें कि गार्गी कॉलेज एक सरकारी सहायता प्राप्त संस्थान है, इसलिए यहां की फीस किफायती है। वैसे तो यहां हर कोर्स की फीस अलग है, लेकिन अनुमानित तौर पर बात करें को यूजी कोर्स की सालाना फीस लगभग 12 हजार से 18 हजार रुपये है। जबकि बी.एल.एड और मनोविज्ञान जैसे कुछ कोर्सेज की फीस प्रैक्टिकल और लैब खर्चों के कारण थोड़ी अधिक हो सकती है।

गार्गी कॉलेज में यूजी कोर्स की कितनी सीटें हैं?

गार्गी कॉलेज में विभिन्न अंडरग्रेजुएट कोर्सेज को मिलाकर कुल सीटों की संख्या लगभग 2,000 से अधिक है। इसमें बीकॉम, बीए प्रोग्राम और कुछ लोकप्रिय ऑनर्स कोर्सेज में सीटों की संख्या सबसे ज्यादा है, जबकि माइक्रोबायोलॉजी या मनोविज्ञान जैसे कोर्सेज में सीटें सीमित हैं।

गार्गी कॉलेज प्लेसमेंट का प्रोसेस

कॉलेज का अपना एक एक्टिव 'प्लेसमेंट सेल' है जो हर साल देश-विदेश की जानी-मानी कंपनियों को कैंपस में आमंत्रित करता है। इच्छुक छात्राओं को प्लेसमेंट सेल में रजिस्ट्रेशन कराना होता है, जिसके बाद प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान आई कंपनियां लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के जरिए चयन करती हैं। मुख्य तौर पर यहां विप्रो, केपीएमजी (KPMG), डेलॉयट (Deloitte), और अर्नस्ट एंड यंग (EY) जैसी कंपनियां आती हैं। यहां का औसत पैकेज 4 से 6 लाख रुपये सालाना के बीच रहता है, जबकि अधिकतम पैकेज 10 से 15 लाख रुपये सालाना तक भी जाता है।

गार्गी कॉलेज से किसने पढ़ाई की है?

गार्गी कॉलेज की पूर्व छात्राओं की लिस्ट काफी प्रभावशाली है, जिन्होंने राजनीति, मीडिया और बॉलीवुड में अपना नाम कमाया है। कुछ प्रमुख नामों में हुमा कुरैशी (मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री), सान्या मल्होत्रा (बॉलीवुड अभिनेत्री), उर्वशी रौतेला (अभिनेत्री और मॉडल), अलका लांबा (प्रसिद्ध राजनेता) शामिल है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article