CBSE Revaluation 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की नई डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को लेकर लगातार जारी विवाद के बीच बोर्ड ने एक बड़ा डेटा साझा किया है। सीबीएसई के अनुसार, 26 मई शाम 6 बजे तक आंसर शीट की स्कैन की हुई कॉपी पाने के लिए बोर्ड को 4 लाख से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। बता दें कि यह इतिहास में पहली बार है कि CBSE में 4 लाख छात्रों ने मांगी 11.31 लाख से अधिक कॉपियां। ये पिछले साल से 4 गुना ज्यादा है। यह आंकड़े ऐसे समय में सामने आए हैं जब छात्र और एक्सपर्ट बोर्ड की नई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
लाखों उत्तर पुस्तिकाओं की मांग
सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के नतीजों से असंतुष्ट छात्रों ने कुल 4,04,319 आवेदन दर्ज किए हैं। इन आवेदनों के जरिए छात्रों ने अलग-अलग विषयों की कुल 11,31,961 आंसर शीट की मांग की है। यह संख्या दर्शाती है कि इस साल परिणाम के बाद कॉपियों की दोबारा जांच कराने की मांग कितने बड़े पैमाने पर हो रही है।
डिजिटल कॉपियां भेजने का काम जारी
बोर्ड स्कैन कॉपियों के आवेदन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मांगी गई कॉपियों में से 8,98,214 आंसर शीट डिजिटल रूप से तैयार कर छात्रों को उपलब्ध करा दी गई हैं। ये कॉपियां सीबीएसई के निर्धारित पोर्टल और छात्रों की रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेज दी गई है। इसके साथ ही, बोर्ड ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि बचे हुए अनुरोधों को भी 27 मई, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। सभी छात्रों को उनकी स्कैन कॉपी उपलब्ध करा दी जाएगी।
29 मई से शुरू हो सकता है रिवैल्यूएशन पोर्टल
स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने की डेट के साथ सीबीएसई ने छात्रों जानकारी दी कि आंसर शीट के वेरिफिकेशन और रिवैल्यूएशन के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 मई तक चालू होने की उम्मीद है। जो छात्र अपनी स्कैन की हुई कॉपी देखने के बाद भी अपने नंबरों से असंतुष्ट हैं, वे पोर्टल खुलने के बाद रिवैल्यूएशन के लिए आधिकारिक तौर पर अप्लाई कर पाएंगे।
