CBSE plans to send answer sheets on DigiLocker along with marksheets from next year: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई जल्द ही बोर्ड परीक्षा परिणाम प्रणाली में बड़ा बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अगले साल से छात्रों को उनकी मार्कशीट और सर्टिफिकेट के साथ-साथ उत्तर पुस्तिका (आंसरशीट) की स्कैन कॉपी भी सीधे DigiLocker पर उपलब्ध कराई जा सकती है। यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाने और मूल्यांकन को लेकर उठ रहे विवादों को कम करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
वर्तमान व्यवस्था में छात्रों को रिजल्ट जारी होने के बाद DigiLocker पर केवल डिजिटल मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और पासिंग सर्टिफिकेट उपलब्ध होते हैं। यदि कोई छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका देखना चाहता है तो उसे अलग से आवेदन करना पड़ता है और निर्धारित शुल्क जमा करना होता है। नई व्यवस्था लागू होने पर छात्रों को बिना अतिरिक्त आवेदन के अपनी जांची हुई उत्तर पुस्तिका देखने की सुविधा मिल सकती है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि सीबीएसई अगले साल यानी 2027 से बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अगले साल से छात्रों को उनकी मार्कशीट और सर्टिफिकेट के साथ-साथ उत्तर पुस्तिका (आंसरशीट) की स्कैन कॉपी भी डिजिलॉकर से मिलेगी।
पारदर्शिता को लेकर हो सकता है फैसला
सूत्रों के अनुसार, CBSE का मानना है कि आंसरशीट तक सीधी पहुंच मिलने से छात्रों के मन में मूल्यांकन को लेकर पारदर्शिता बढ़ेगी और पुनर्मूल्यांकन व सत्यापन से जुड़े विवाद कम होंगे। इसी दिशा में आईआईटी मद्रास और आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ भी OSM प्रणाली की तकनीकी खामियों की समीक्षा कर रहे हैं।
इस साल CBSE की ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर काफी विवाद देखने को मिला। कई छात्रों और अभिभावकों ने मूल्यांकन में गड़बड़ियों, स्कैनिंग की गुणवत्ता और कॉपियों के मिलान को लेकर सवाल उठाए। कुछ मामलों में उत्तर पुस्तिकाओं के पेज ठीक से स्कैन न होने और कॉपियों के मिश्रित होने की शिकायतें भी सामने आईं।
