BPSC TRE 4.0 Recruitment 2026: बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। BPSC TRE 4.0 भर्ती में 932 पदों का इजाफा किया गया है। बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक भर्ती के पूर्व जारी विज्ञापन में संशोधन करते हुए माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के अतिरिक्त पदों को शामिल किया है। इसके बाद कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 33,320 हो गई है। इससे पहले BPSC TRE 4.0 के तहत 32,388 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब अतिरिक्त पद जुड़ने के बाद ज्यादा अभ्यर्थियों को सरकारी शिक्षक बनने का मौका मिलेगा। भर्ती में प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के साथ स्पेशल टीचर और हेडमास्टर के पद भी शामिल हैं।
BPSC: अब 33,320 शिक्षकों की होगी भर्ती
नए संशोधन के तहत माध्यमिक विद्यालयों में विद्यालय अध्यापक के 493 पद और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 439 पद जोड़े गए हैं। यानी दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 932 नई रिक्तियां शामिल की गई हैं। आयोग ने इसके लिए शुद्धि-पत्र जारी कर दिया है और विस्तृत जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है।
किन विषयों में बढ़े पद?
अतिरिक्त पदों में माध्यमिक स्तर पर बांग्ला, ललित कला, नृत्य, मैथिली, विशेष विद्यालय अध्यापक, अरबी, फारसी और संगीत जैसे विषय शामिल हैं। उच्च माध्यमिक स्तर पर बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी और फारसी विषयों के पद जोड़े गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले BPSC की वेबसाइट पर जारी संशोधित विज्ञापन और शुद्धि-पत्र को ध्यान से पढ़ें। पदों की संख्या, पात्रता और अन्य नियमों के लिए आयोग की आधिकारिक सूचना ही अंतिम मानी जाएगी।
26 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
TRE 4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है। चयन प्रक्रिया में एक ही लिखित परीक्षा होगी और इसमें एक-तिहाई निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। इस बार OMR शीट में पांचवां विकल्प भी दिया जाएगा। अगर अभ्यर्थी किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता है, तो उसे पांचवें विकल्प को भरना होगा। ऐसा नहीं करने पर भी एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।
