बिहार के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 24 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का लाभ राज्य के 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 3 लाख विद्यार्थियों को मिलने की बात कही गई है। खास बात यह है कि विद्यार्थियों को अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ने का मौका मिलेगा। इसके अलावा पढ़ाई से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान ऑनलाइन और मुफ्त में प्राप्त किया जा सकेगा।
बिहार के छात्रों के लिए लॉन्च हुआ ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप (Image - x.com/IPRDBihar/)
ऐप में 24X7 वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट की सुविधा भी दी गई है। इसके लिए करीब 75 हजार शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। यानी विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान किसी विषय या टॉपिक को समझने में परेशानी आती है, तो वे शिक्षक से सीधे मदद ले सकेंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा AI
‘बिहार विद्या साथी’ ऐप में AI आधारित टूल्स और डिजिटल स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थी किसी विषय के कॉन्सेप्ट को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर पाएंगे। इस प्लेटफॉर्म के जरिए सिर्फ बिहार बोर्ड की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी विद्यार्थियों को मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को बच्चों की पढ़ाई को ज्यादा बेहतर, आसान और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उम्मीद है कि डिजिटल माध्यम से मिलने वाली यह सुविधा खासकर उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जिन्हें अतिरिक्त पढ़ाई या विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: GATE 2027 के लिए 27 अगस्त से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, DigiLocker अकाउंट जरूरी
