Bihar Police Sub Inspector Recruitment 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) की भर्ती (Bihar Daroga Vacancy 2026) प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी किए गए ताजा आदेश के अनुसार, राज्य में दारोगा के हजारों नए पदों को मंजूरी दे दी गई है, जिससे बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। अगर आप भी बिहार पुलिस में सेवा करना चाहते हैं तो यह आपके लिए किसी सुनहरे मौके से कम नहीं है। तो आइए आपको इस भर्ती के बारे में विस्तार से बताएं।
कुल 20,937 नए पदों को भरने की मिली मंजूरी
बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, राज्य में पुलिस अवर निरीक्षक यानी दारोगा एवं इसके समकक्ष कोटि के कुल 20,937 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने इतने बड़े पैमाने पर पदों की जरूरत को देखते हुए पहले ही मंजूरी दे दी थी, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग चुकी है। यानी आने वाले दिनों में 20,937 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चरणों में शुरू की जाएगी।
प्रथम चरण में 8 हजार पदों पर जल्द होगी सीधी भर्ती
कुल स्वीकृत पदों यानी 20,937 पदों में से 8,000 पदों पर बहाली की प्रक्रिया बेहद जल्द शुरू होने वाली है। गृह विभाग ने इन 8 हजार पदों पर तत्काल बहाली और जिलावार आवंटन के लिए राशि व संसाधनों को जारी कर दिया है। इसके संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर पूरी रूपरेखा भी साफ कर दी है। बता दें कि इस योजना के तहत, कुल स्वीकृत पदों में से 7,200 पदों को तत्काल प्रभाव से राज्य के अलग-अलग जिलों, पुलिस इकाइयों और विभिन्न पुलिस कार्यालयों को आवंटित कर दिया गया है। इससे थानों और जांच टीमों में अफसरों की कमी को तुरंत दूर किया जा सकेगा।
पटना और गया जिले को मिलेंगे सबसे ज्यादा दारोगा
मिली जानकारी के अनुसार, इसमें पटना और गया जिले को सबसे अधिक दोरागा मिलने वाले हैं। पटना में पहले दारोगा के 1,674 पद स्वीकृत थे, जो अब बढ़कर 2,809 हो गए हैं। यानी पटना को अकेले 728 नए दारोगा मिलेंगे। वहीं बात करें गयाजी जिले की तो यहां पहले दारोगा के 738 पद थे, जो अब बढ़कर 1,242 हो गए हैं। इस तरह गया जिले को 322 नए दारोगा आवंटित किए जाएंगे।
स्पेशल ब्रांच में भी बढ़े पद
जिलों के अलावा पुलिस की खुफिया और अनुसंधान इकाई यानी स्पेशल ब्रांच में भी दारोगा के पदों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। स्पेशल ब्रांच में अब दारोगा के पद बढ़कर 1015 हो गए हैं, जिससे आंतरिक सुरक्षा और जांच व्यवस्था को और अधिक बल मिलेगा।
