CBSE Revaluation and Verification Portal: CBSE के रिवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका वेरिफिकेशन पोर्टल पर छात्रों की भारी संख्या में पहुंच के बीच साइबर हमलों की कोशिशें भी सामने आई हैं। इसके बावजूद बोर्ड की तकनीकी और साइबर सुरक्षा टीमों ने पोर्टल को लगातार चालू रखा और आवेदन प्रक्रिया बिना किसी बड़ी रुकावट के जारी रही। मंगलवार दोपहर तक 16 हजार से अधिक छात्र सफलतापूर्वक अपने आवेदन जमा कर चुके थे। यह स्थिति ऐसे समय में बनी जब पोर्टल पर हजारों छात्र एक साथ लॉगिन कर रहे थे और दूसरी ओर साइबर हमलावर सिस्टम को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। CBSE का कहना है कि छात्रों की सुविधा और डेटा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी तकनीकी चुनौतियों का समय रहते समाधान किया गया।
सिस्टम को बाधित करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर साइबर अटैक की कोशिश
बोर्ड के अनुसार, पोर्टल एक समय में 8,000 से अधिक यूजर्स को संभालने में सक्षम रहा। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने सिस्टम को बाधित करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर साइबर हमले करने का प्रयास किया। सबसे गंभीर हमले में मात्र दो मिनट के भीतर करीब 15 लाख हिट्स भेजे गए, जिसे डिनायल-ऑफ-सर्विस (DoS) अटैक माना जा रहा है। इसके अलावा पोर्टल की फाइलों और डेटा तक अनधिकृत पहुंच बनाने के लिए एक लाख से ज्यादा कोशिशें भी दर्ज की गईं।

Cyberattack on CBSE Revaluation
डेटा पूरी तरह सुरक्षित
हालांकि, CBSE की साइबर सुरक्षा टीमों ने सभी संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर उन्हें सफलतापूर्वक रोक दिया। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र के आवेदन या डेटा पर इसका असर नहीं पड़ा और पोर्टल सामान्य रूप से कार्य करता रहा। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन प्रक्रिया में भी कुछ सुधार किए गए हैं, जिनमें सेशन टाइम बढ़ाना प्रमुख है ताकि अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने और दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साइबर सुरक्षा टीमें 24 घंटे एक्टिव
CBSE ने भरोसा दिलाया है कि उसकी तकनीकी और साइबर सुरक्षा टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। बोर्ड का कहना है कि भविष्य में भी किसी प्रकार के साइबर खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सक्रिय रखे गए हैं, ताकि छात्रों की आवेदन प्रक्रिया सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।
