Bharat Bandh News School College Closed: एससी-एसटी के आरक्षण में क्रीमी लेयर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ राजस्थान में बुधवार को भारत बंद रहेगा।आज यानी 21 अगस्त 2024 को सामाजिक संगठनों द्वारा भारत बंद का ऐलान किया गया है। भारत बंद का असर राजस्थान में देखने को मिल रहा है। राजस्थान के कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद (School College Closed) करने का ऐलान किया गया है। छात्रों को ध्यान देना चाहिए कि आज कई जगहों पर स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इस रिपोर्ट के जरिए जानिए कहां-कहां स्कूल और कॉलेजों को बंद करने की घोषणा की गई है।
भारत बंद का असर
जयपुर में स्कूल बंद
भारत बंद को देखते हुए जयपुर जिले में स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं। जयपुर जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। सामाजिक संगठनों द्वारा देशव्यापी भारत बंद के ऐलान के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर से मिले फीडबैक के बाद आदेश जारी किए गए।
जयपुर में भारत बंद का असर
पुलिस ने भी जारी की एडवाइज़री
21 अगस्त को आह्वान किये जा रहे भारत बंद के मद्देनजर जयपुर पुलिस आयुक्त श्री बीजू जॉर्ज जोसफ ने शहर में कानून व्यवस्था एवं शांति के संबंध में निम्न एडवाइजरी जारी की है।
- बंद शांतिपूर्वक रहे व कानून व्यवस्था एवं नियमों का उल्लंधन बर्दाश्त नहीं किया जाए। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- बंद के दौरान किसी प्रकार की आपातकालीन सेवाएँ प्रभावित नहीं रहें।
- शहर में शांति, कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखें।
- सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जायेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक बातें न फैले एवं अफवाहों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
- पुलिस नियंत्रण कक्ष पर कानून व्यवस्था संबंधी जानकारी समय समय पर अपडेट की जायेगी एवं थाना क्षेत्रों पर सूचना तंत्र सक्रिय कर नजर रखी जायेगी।
- राजकीय,सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को किसी प्रकार का नुकसान न हो।
- शांति पूर्वक मार्च में असामाजिक एवं शरारती तत्वों से सावधानी बरतें।
जयपुर के अलावा श्रीगंगानगर, बीकानेर , दौसा, झुंझुनूं , जैसलमेर, डीडवाना, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक में भी प्रशासन ने भी स्कूलों कॉलेजों को बंद रखने की घोषणा की है। वहीं, कोटा के ग्रामीण इलाकों में स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी हुआ है।
बीकानेर में स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे
देशव्यापी भारत बंद के ऐलान के बाद राजस्थान के बीकानेर जिले में सभी सरकारी और निजी स्कूल, कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र और मदरसों में भी अवकाश घोषित कर दी गई है। बीकानेर में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने आदेश जारी किए हैं।
दौसा में बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
देशभर में प्रस्तावित भारत बंद को देखते हुए राजस्थान के दौसा जिला मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार ने जिले के सभी कोचिंग, लाइब्रेरी, स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए हैं। जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में आज अवकाश रहेगा।
कई जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद
भारत बंद का असर राजस्थान के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को रोकने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए इंटरनेट पर पाबंदी लगाई गई है। बुधवार सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक भरतपुर जिले में इंटरनेट सेवाएं बाधित रहेंगी। करौली जिले में भी इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
