राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्थित iON डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। NEET PG परीक्षा में तकनीकी खराबी के ठीक बाद, अब सोमवार को आयोजित हुई AIIMS CRE-5 री-एग्जाम के दौरान भी सर्वर ठप होने की बड़ी समस्या सामने आई है। केंद्र पर सर्वर में आई गड़बड़ी के कारण परीक्षा अपने निर्धारित समय से करीब 30 मिनट की देरी से शुरू हुई। परीक्षा केंद्र पर लगातार हो रही इस अव्यवस्था से नाराज परीक्षार्थियों ने केंद्र के बाहर जमकर विरोध-प्रदर्शन और हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए इस परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने की मांग की है।
NEET PG के बाद जयपुर केंद्र पर AIIMS CRE 5 री-एग्जाम का सर्वर ठप (Photo - AI)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - क्या है FMGE? एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट के लिए इस दिन से शुरू होंगे आवेदन, इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
परीक्षा शुरू होने के बाद फिर अटका सर्वर
बता दें कि परीक्षा का आधिकारिक समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तय किया गया था। लेकिन परीक्षा केंद्र पर सर्वर ठप होने के कारण परीक्षा 30 मिनट देरी से 9.30 बजे शुरू हुई। सर्वर के सही होने के बाद अब छात्रों को लगा की परीक्षा होगी। लेकिन एग्जाम शुरू होने के करीब 20 मिनट के बाद सर्वर एक बार फिर ठप हो गया है। परीक्षा के दौरान लगातार सर्वर में रही तकनीकी दिक्कतों के चलते परीक्षा में शामिल हुए छात्रों का धैर्य जवाब दे गया और उम्मीदवारों ने केंद्र पर जमकर हंगामा किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - School Holiday in September 2026: सितंबर में कितने दिन बंद रहेंगे स्कूल, जानें हॉलीडे को लेकर अपडेट
परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने की मांग
एक के बाद एक दो बड़ी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं (NEET-PG और AIIMS CRE-5) में एक ही सेंटर पर सर्वर ठप होने से अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। परेशान अभ्यर्थियों का कहना है कि बार-बार की तकनीकी गड़बड़ियों से उनका कीमती समय और एकाग्रता प्रभावित हुई है। इसी वजह से अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा को तुरंत प्रभाव से रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा परीक्षा आयोजित करने की पुरजोर मांग की है।
क्या है AIIMS CRE का पूरा नाम?
AIIMS CRE का पूरा नाम कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जाम है। यह ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज द्वारा आयोजित किया जाता है। बता दें कि यह एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। CRE के जरिए विभिन्न एम्स हॉस्पिटल्स में ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के नॉन-फैकल्टी में विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती की जाती है।
पहले भी रद्द हो चुकी है परीक्षा
बता दें कि यह भर्ती परीक्षा पहले 25 जुलाई से 27 जुलाई 2026 के बीच आयोजित की गई थी। लेकिन 7 चुनिंदा ग्रुप कोड-3, 20, 28, 32, 22, 48 और 58 की पिछली परीक्षा प्रशासनिक या तकनीकी वजहों के चलते रद्द करनी पड़ी थी, जिसके बाद 31 अगस्त और एक सितंबर को परीक्षा का फिर से आयोजन किया गया। लेकिन इस दौरान जयपुर स्थित एक परीक्षा केंद्र में सर्वर ठप होने के कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा और परीक्षा को रद्द करने की मांग की गई।
