बोर्ड परीक्षा एडमिट कार्ड खो गया? परेशान न होइए, ऐसे दें आगे के पेपर
- Authored by: varsha kushwaha
- Updated Feb 17, 2026, 12:02 PM IST
बोर्ड परीक्षा के दौरान कई छात्र अपना एडमिट कार्ड खो देते हैं। ऐसे में आने वाले पेपरों को लेकर छात्रों में डर बन जाता है। लेकिन उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। छात्र एडमिट कार्ड खोने के बाद भी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। आइए बताएं कैसे।
बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड खोने पर क्या करें?
What to Do If I Lost My Board Exam Admit Card: फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही बोर्ड एग्जाम का सीजन भी शुरू हो गया था। बिहार बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो गई है। कल यानी 18 फरवरी से सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। इस बीच छात्रों को सलाह दी जाती है कि वह परीक्षा के लिए जाते समय ध्यान से अपना बैग पैक करें और परीक्षा में ले जाने और न ले जाने वाली वस्तुओं पर खास ध्यान दें। छात्रों को सलाह दी जाती है कि इस दौरान परीक्षा एडमिट कार्ड और डेटशीट पर विशेष ध्यान दें। क्योंकि यहां हुई छोटी सी लापरवाही छात्रों पर भारी पड़ सकती है।
कई बार ऐसा होता है कि छात्र पहली या दूसरी परीक्षा के बाद गलती से अपना एडमिट कार्ड खो देते है। हम सभी जानते हैं कि एडमिट कार्ड के बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होती। लेकिन छात्रों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। क्योंकि एडमिट कार्ड खोने से उन्हें परीक्षा में बैठने से नहीं रोका जा सकता है। उनका साल खराब नहीं होगा। लेकिन, आपको समय रहते सही कदम उठाने होंगे, ताकि आपको आने वाले परीक्षाओं में बैठने से रोका न जाएं। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताएं-
एडमिट कार्ड खोने के बाद क्या करें?
अगर पहली या दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद आपका एडमिट कार्ड भी खो गया है तो आप बचे हुए पेपर दे सकते हैं, लेकिन उसके लिए छात्र को डुप्लीकेट एडमिट कार्ड दिखाना होगा। इससे आपको परीक्षा में बैठने की अनुमति मिल जाएगी और छात्र आगे की परीक्षाएं दे पाएंगे।
अगर एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र में कहीं खोया या छूट गया है तो छात्रों को सलाह है कि वह तुरंत परीक्षा केंद्र सुपरिटेंडेंट या इनविजिलेटर को इसकी जानकारी दें। वह आपकी अटेंडेंस चेक कर आपकी मदद करेंगे।
एडमिट कार्ड करें डाउनलोड
- एडमिट कार्ड खोने की स्थिति में उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड फिर डाउनलोड कर सकते हैं।
- स्कूल से संपर्क करके भी एडमिट कार्ड प्राप्त किया जा सकता है।
-एडमिट कार्ड के साथ एक फोटो आईडी कार्ड अनिवार्य है।
- परीक्षा से पहले ही अपने एडमिट कार्ड की फोटो कॉपी निकालकर रखें। (ताकि एडमिट कार्ड खोने की स्थिति में आपको परेशानी न हो)
- एडमिट कार्ड डाउनलोड न होने पर छात्र तुरंत बोर्ड हेल्पलाइन, स्कूल हेल्पलाइन आदि पर संपर्क करें।
इन बातों का रखें ध्यान
यदि आपका एडमिट कार्ड खो जाता है तो यह सच है कि आपको परीक्षा देने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन यह भी देखा गया है कि छात्र का साल खराब न हो इसे ध्यान में रखते हुए अन्य तरीकों से छात्र को परीक्षा देने की अनुमति दी जाती है। यदि आपके पास रजिस्ट्रेशन नंबर और आईडी प्रूफ है तो आपको मदद मिल सकती है। इसके अलावा मोबाइल में एडमिट कार्ड की फोटो, एक्स्ट्रा फोटो कॉपी बनाने से एडमिट कार्ड खोने की स्थिति में भी आपको परेशानी नहीं होगी।
