AAI Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 389 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 8 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।आवेदन की अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण में भर्ती
कुल 389 रिक्तियों में 260 पद मैनेजर और 129 पद जूनियर एग्जीक्यूटिव के हैं। सबसे अधिक 145 पद मैनेजर (सिविल) और 79 पद जूनियर एग्जीक्यूटिव (ऑपरेशंस) के लिए निर्धारित किए गए हैं। AAI की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, भर्ती मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव के विभिन्न विभागों में की जाएगी। इनमें सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, फाइनेंस, आईटी, लॉ, फायर सर्विस, ऑपरेशंस, कमर्शियल, सर्वे एंड कार्टोग्राफी समेत कई विभाग शामिल हैं।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार 8 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, पहचान पत्र, फोटो, हस्ताक्षर और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ना जरूरी है, ताकि पात्रता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी शर्तों की सही जानकारी मिल सके।
आयु सीमा
अधिसूचना के अनुसार जूनियर एग्जीक्यूटिव पद के लिए अधिकतम आयु 27 वर्ष और मैनेजर पद के लिए अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 7 सितंबर 2026 के आधार पर होगी। एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
हर पद के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिग्री, बीई/बीटेक, एमबीए, सीए, सीएमए, सीएफए, एलएलबी या अन्य निर्धारित योग्यताएं रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। मैनेजर पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव भी मांगा गया है, जबकि अधिकांश जूनियर एग्जीक्यूटिव पदों के लिए पूर्व कार्य अनुभव आवश्यक नहीं है।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन मिलेगा। जूनियर एग्जीक्यूटिव पद के लिए वेतनमान 40,000 रुपये से 1,40,000 रुपये प्रति माह, जबकि मैनेजर पद के लिए 60,000 रुपये से 1,80,000 रुपये प्रति माह निर्धारित है। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), एचआरए, मेडिकल सुविधा, भविष्य निधि (PF), ग्रेच्युटी और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया जाएगा। मैनेजर पदों के लिए सीबीटी के बाद इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन भी होगा। कुछ पदों पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त परीक्षण भी आयोजित किए जा सकते हैं।
