दिल्ली : सीआर पार्क इलाके में शुक्रवार देर शाम पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने हिसंक रूप ले लिया। तारा अपार्टमेंट में एक युवक ने पिता-पुत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक करण सूद अपने परिवार के साथ सीआर पार्क के तारा अपार्टमेंट में रहता है। करण प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा हुआ है। यह उसके पिता राकेश सूद का कारोबार है, जिसमें वह मदद करता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ितों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
शुक्रवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोपी युवक ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और पहले करण पर हमला किया। राकेश अपने बेटे को बचाने आए तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू से गोद दिया। आरोपी ने दोनों पर आधा दर्जन से ज्यादा वार किए हैं। अचानक हुए इस हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीआर पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था, लेकिन इस बार मामला हत्या तक पहुंच गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
