Shalimar Bagh Murder Case: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात को शालीमार बाग पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस हत्या को आसपास के ही कुछ युवकों ने अंजाम दिया था। घटना के बाद एक आरोपी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट भी साझा की, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर हुई चाकूबाजी
बीती रात मिली वारदात की खबर
पुलिस के अनुसार यह घटना बीती रात की है, जब हैदरपुर नहर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल 20 वर्षीय नितेश उर्फ निक्की को तुरंत डॉ. आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शालिमार बाग की टीम ने तुरंत जांच शुरू की।
जांच में क्या आया सामने?
जांच में पता चला कि मामूली विवाद के बाद 18 वर्षीय मुख्य आरोपी तरुण उर्फ करण ने अपने दो साथियों 22 वर्षीय मोंटी और एक किशोर के साथ मिलकर नितेश पर हमला किया। इस दौरान करण ने उस पर चाकू से कई बार वार किए, जिससे उसकी जान चली गई।
चार घंटे के अंदर पकड़ा आरोपियों को
स्थानीय इनपुट और तकनीकी निगरानी (टेक्निकल सर्विलांस) की सहायता से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
मुख्य आरोपी ने इंस्टाग्राम पर कही ये बात
मुख्य आरोपी 18 वर्षीय तरुण उर्फ कर्ण ने वारदात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उसने कहा कि रात करीब 11:22 बजे उसने एक हत्या की है और अब वह कुछ दिनों के लिए जेल जाने वाला है। साथ ही उसने अपने दोस्तों और परिचितों के लिए संदेश देते हुए उनसे प्यार जताने की बात कही।
