Surat News: गुजरात के सूरत के चौकबाजार थाना क्षेत्र में एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है जिसने रिश्तों, भरोसे और इंसानी संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जिस मौत को पहले आत्महत्या या दुर्घटना समझा जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। आरोप है कि पहले पति को दूसरी मंजिल से नीचे फेंका गया और जब वह जिंदा बच गया तो प्रेमी ने ब्लेड से उसका गला काटकर हत्या कर दी।
सूरत में सनसनीखेज वारदात
मामला सूरत के वेड रोड स्थित पंडोल क्षेत्र की रहमतनगर सोसाइटी का है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय जन्मजयकुमार तीर्थ राय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के देवघर जिले का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी चांदनी कुमारी के साथ रहमतनगर सोसाइटी में रहता था। 8 जून की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि जन्मजयकुमार इमारत से नीचे गिर गया है और उसकी मौत हो गई है। मृतक की पत्नी चांदनी कुमारी ने भी पुलिस को बताया था कि उसके पति की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हुई है। इसके आधार पर चौकबाजार पुलिस ने दुर्घटनाजन्य मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। लेकिन मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब स्मीमेर अस्पताल से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक के गले पर धारदार हथियार से किए गए घाव मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार गले पर लगी गंभीर चोटों से हुए अत्यधिक रक्तस्राव और मस्तिष्क में रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई थी।
पुलिस जांच की बदली पूरी दिशा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस को शक हुआ कि मामला केवल गिरने से हुई मौत का नहीं है। इसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई। चौकबाजार पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ में उसकी पहचान 28 वर्षीय शुलभ सिंह बम बहादुरसिंह के रूप में हुई, जो उसी सोसाइटी के एक अन्य मकान में रहता था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का निवासी है। जांच में पता चला कि शुलभ सिंह और मृतक की पत्नी चांदनी कुमारी के बीच प्रेम संबंध थे। इसके बाद पुलिस ने चांदनी कुमारी को विश्वास में लेकर पूछताछ शुरू की और घटनाक्रम की परतें खुलनी शुरू हो गईं। पुलिस शिकायत और पूछताछ में सामने आया कि चांदनी कुमारी अपने पति से परेशान थी। उसने पुलिस को बताया कि पति अक्सर उससे झगड़ा करता था और मारपीट भी करता था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां शुलभ सिंह से बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
छह महीने से बना रहे थे प्लान
आरोप है कि दोनों पिछले करीब छह महीने से जन्मजयकुमार को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। उनका मकसद था कि पति की मौत के बाद वे एक साथ नई जिंदगी शुरू कर सकें। पुलिस के अनुसार 7 जून की रात पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ था। इसके बाद जन्मजयकुमार घर लौटकर सो गया। चांदनी कुमारी उसके गहरी नींद में जाने का इंतजार करती रही। रात करीब एक बजे उसने शुलभ सिंह को फोन कर घर बुलाया। कुछ ही मिनटों में शुलभ सिंह उसके कमरे पर पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सो रहे जन्मजयकुमार को उठाया और दूसरी मंजिल की गैलरी से नीचे फेंक दिया। दोनों को लगा कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद उसकी मौत हो जाएगी और घटना आत्महत्या या दुर्घटना जैसी दिखाई देगी। लेकिन नीचे गिरने के बाद भी जन्मजयकुमार की सांसें चल रही थीं। पुलिस शिकायत के अनुसार करीब 20 मिनट बाद जब चांदनी कुमारी ने नीचे झांककर देखा तो वह अभी जीवित था।
गले पर ब्लेड से दो गहरे वार किया
इस पर वह घबराकर शुलभ सिंह के पास पहुंची और बताया कि जन्मजयकुमार अभी भी जिंदा है। आरोप है कि इसके बाद शुलभ सिंह ने धागा काटने में इस्तेमाल होने वाली ब्लेड उठाई और घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक शुलभ सिंह ने जमीन पर पड़े जन्मजयकुमार के गले पर ब्लेड से दो गहरे वार किया। बहुत ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। जोन-3 के डीसीपी राघव जैन ने बताया कि शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था और उसी आधार पर एडी दर्ज की गई थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर कट का निशान मिलने के बाद पुलिस ने मेडिकल टीम के साथ समन्वय कर जांच को आगे बढ़ाया। डीसीपी राघव जैन के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां दिखाई दी थीं। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के बाद उसकी पहचान शुलभ सिंह के रूप में हुई। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि उसका मृतक की पत्नी चांदनी कुमारी के साथ प्रेम संबंध था।
दोनों आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने कथित रूप से पहले से योजना बनाई थी कि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जाएगा। लेकिन जब मृतक नीचे गिरने के बाद भी जीवित था, तब उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए ब्लेड से गले पर वार किया गया। उन्होंने ने कहा कि सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य, मानव स्रोतों से मिली जानकारी और आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ी स्थापित की है। जांच में सामने आया है कि यह एक पूर्व नियोजित हत्या थी। पुलिस ने चांदनी कुमारी और उसके प्रेमी शुलभ सिंह बम बहादुरसिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 54 तथा गुजरात पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है। शुलभ सिंह को फुलवाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चांदनी कुमारी भी पुलिस की गिरफ्त में है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या की साजिश, उनके संबंधों तथा अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
