गुड्डू मुस्लिम, अतीक अहमद का सबसे भरोसेमंद और खास शार्प शूटर, कहां छिपा है किसी को पता नहीं। पुलिस तलाश में जुटी है लेकिन बमबाज गुड्डू मुस्लिम अभी तक पुलिस को चकमा देने में सफल रहा है। अब दावा किया जा रहा है कि गुड्डू मुस्लिम हिंदू बन गया है। उसने पुलिस को चकमा देने के लिए धर्म परिवर्तन कर लिया है, हिंदू नाम रख लिया है।
कर रहा हिंदू नामों का इस्तेमाल
उमेश पाल मर्डर केस में आरोपी और अतीक का राजदार बमबाज गुड्डू मुस्लिम अबतक फरार है। पुलिस ने उस पर 5 लाख का इमाम घोषित कर रखा है। गुड्डू को लेकर खुलासा हुआ है कि वो बचने के लिए हिंदू बन गया है! वो अलग-अलग हिंदू नामों का इस्तेमाल कर रहा है- जैसे बबलू, सुरेंद्र कुमार और संदीप कुमार।
बदल रहा हुलिया
ऐसा नहीं है कि गुड्डू मुस्लिम सिर्फ नाम ही बदल रहा है। वो लगातार अपना हुलिया भी बदल रहा है, ताकि पुलिस ने अपनी पहचान छिपा सके।कहा जा रहा है कि गुड्डू मुस्लिम ने अपनी मूंछें मुंडवा ली है और दाढ़ी को बढ़ा लिया है। उसने हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र को भी याद कर लिया है, ताकि पकड़ाने पर वो हिंदू पहचान के साथ बच सके।
कहां छुप सकता है 'बमबाज'
सूत्रों की मानें तो गुड्डू मुस्लिम मंदिर या गुरुद्वारे में भी छिपा हो सकता है। गुड्डू मुस्लिम के बारे में कहा जा रहा है कि उसने ही उमेशपाल को मारने की साजिश रची थी। अतीक अहमद के पास उमेश पाल को मारने का कोई कारण नहीं था और यह गुड्डू ही था जिसने हत्या का नेतृत्व किया था। सूत्रों ने बताया कि जब अतीक और उसका भाई अशरफ जेल में थे, तब उनका पूरा कारोबार गुड्डू मुस्लिम के हाथों में था और इस दौरान उसने कोयला आपूर्ति सहित कई व्यवसायों में चोरी-छिपे पैसा लगाया था।
