Raja Raghuvanshi murder case : राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में इंदौर पहुंची मेघालय पुलिस को तीन आरोपियों की 7 दिनों की रिमांड मिली है। मेघालय पुलिस इन तीन आरोपियों आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान और राज सिंह कुशवाहा को लेकर शिलांग जाएगी। अतिरिक्त डीसीपी (अपराध) राजेश डंडोतिया ने कहा, 'आरोपियों को सीजीएम कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। न्यायाधीश ने आरोपियों को सात दिनों की ट्रांजिट रिमांड में भेज दिया। चौथे आरोपी आनंद को बीना से इंदौर लाया जा रहा है।
शिलांग पुलिस इन सभी चारों आरोपियों को लेकर मेघालय जाएगी।' मीडिया के भारी जमावड़े के बीच पुलिस सोनम रघुवंशी को लेकर गाजीपुर के सीजीएम कोर्ट गई। समझा जाता है कि यहां से सोनम को ट्रांजिट रिमांड पर मेघालय पुलिस को सौंपा जाएगा।
सोनम के पिता ने कहा-उनकी बेटी बेगुनाह है
सोनम के पिता ने अपनी बेटी के बेगुनाह होने का दावा किया है जबकि राजा के भाई ने कहा कि अगर सोनम दोषी पाई जाती है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। डीजीपी ने बताया कि राजा की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि रातभर की छापेमारी के बाद तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये तीन लोगों में से दो मध्यप्रदेश के इंदौर और एक उत्तर प्रदेश के ललितपुर का निवासी है।
सोनम ने सरेंडर किया
‘पीटीआई-वीडियो’ के अनुसार, पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम ने बताया कि सोमवार को मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। राजा (29) और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को सोहरा इलाके के नोंगरियात गांव में एक ‘होमस्टे’ से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। राजा का शव दो जून को गांव से 20 किलोमीटर दूर एक खाई में मिला था। उन्होंने बताया, ‘एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया और दो अन्य आरोपियों को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इंदौर से पकड़ा।’ नोंगरांग ने बताया, ‘सोनम ने उत्तर प्रदेश के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’
सोनम ने दी थी राजा के नाम की सुपारी
डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने खुलासा किया है कि सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें भाड़े पर बुलाया था। ‘पीटीआई वीडियो’ के अनुसार पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘गिरफ्तार किया गया पहला व्यक्ति आकाश राजपूत (19) उत्तर प्रदेश के ललितपुर से था। दूसरा विशाल सिंह चौहान (22) और तीसरा राज सिंह कुशवाहा (21) मध्यप्रदेश के इंदौर से था।’ पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘सोनम रघुवंशी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। आज अपराह्न हमने मध्यप्रदेश के सागर जिले से आनंद कुर्मी (23) को गिरफ्तार किया।’
