ओडिशा के एक कॉलेज में एक नाबालिग लड़की को जबरदस्ती चूमने का मामला सामने आया है। इस मामले में 12 आरोपी छात्रों को निष्कासित कर दिया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की को सीनियर के कहने पर एक छात्र जबरदस्ती चूम रहा है।
ओडिशा के कॉलेज में रैंगिंग
विरोध करने पर मारा थप्पड़
वीडियो में दिख रहा है कि कुछ छात्र एक लड़के को लड़की को चूमने के उकसा रहे हैं। लड़की उठकर जाना चाह रही है, लेकिन आरोपी छात्र उसका हाथ पकड़ कर रोक लेते हैं। चूमने वाला लड़का शुरू में विरोध करता है तो एक सीनियर उसे थप्पड़ भी मार देता है। लड़की सहमी हुई बैठी दिख रही है। चूमने वाला लड़का भी बाद में हंसता दिख रहा है।
हंसते रहे बाकी छात्र
जिस समय चूमने की यह घटना हो रही है, उस समय वहां और भी लड़के-लड़कियां मौजूद थीं। सभी इस कुकर्म का विरोध करने के बजाय मजे लेते हुए दिख रहे हैं। बाकी लड़कियां हंस रही हैं और भीड़ में मौजूद छात्र ताली भी बजा रहे हैं।
12 छात्र निष्कासित
घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद यौन उत्पीड़न सहित कई आरोपों में दो नाबालिगों सहित पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है। गंजम जिले के कॉलेज ने इस घटना में शामिल 12 छात्रों को निष्कासित कर दिया है। कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर ली गई है और अनुशासनात्मक समिति और रैगिंग रोधी प्रकोष्ठ ने उन्हें निष्कासित करने का फैसला किया है।
